विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Yogi 2.0 Cabinet : मीरजापुर में बीता कांग्रेस सिंह का बचपन, अब योगी सरकार में बने मंत्री

By Saurabh ChakravartyEdited By:
Published: Fri, 25 Mar 2022 05:47 PM (IST)Updated: Fri, 25 Mar 2022 06:53 PM (IST)

Swatantra Dev Singh मीरजापुर के जमालपुर विकास खंड के ओड़ी गांव में 13 फरवरी 1964 को इनका जन्म हुआ था। ...और पढ़ें

अनुशासित राजनेता के रूप में स्वतंत्र देव सिंह की अलग पहचान है।
अनुशासित राजनेता के रूप में स्वतंत्र देव सिंह की अलग पहचान है।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर : प्रदेश की राजनीति में कुशल संगठनकर्ता एवं भारतीय जनता पार्टी के अनुशासित राजनेता के रूप में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अलग पहचान है। विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा को मिली शानदार सफलता का तानाबाना बुनने वाले स्वतंत्र देव सिंह का नाम चुनाव बाद से ही लगातार सुर्खियों में रहे।

सफलताओं के बीच उनके संघर्षों की लंबी कहानी है। शून्य से शिखर की ओर अग्रसर स्वतंत्र देव सिंह का जीवन शुरू से ही संघर्ष से लबरेज रहा। स्वतंत्र देव ने आज जो मुकाम हासिल किया है, वह निश्चित रूप से उनकी काबिलियत का ही परिणाम है। जमालपुर विकास खंड के ओड़ी गांव में 13 फरवरी 1964 को इनका जन्म हुआ था। इनके पिता का नाम स्व. अल्लर सिंह एवं माता का नाम रामा देवी है। इनके बचपन का नाम कांग्रेस सिंह था।

प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय से पूरी करने के बाद इंटरमीडिएट की पढ़ाई श्रीमती देवकली इंटर कांलेज जमालपुर से पूरी की। बीए की पढ़ाई के लिए पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत उनके बड़े भाई श्रीपति सिंह अपने तैनाती स्थल उरई ले गए। कालेज में पढ़ाई के दौरान वे छात्रनेता बने। इस दौरान उनका राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़ाव बढ़ता गया। छात्र राजनीति के बाद उन्होंने संघ के प्रचारक के रूप में लंबे समय तक कार्य किया।

भाजपा के प्रदेश संगठन में उन्होंने युवा मोर्चा के अलावा मेन बाडी में भी महामंत्री के रूप में कार्य किया। बाद में उरई जालौन से विधान परिषद सदस्य के रूप में चुने गए। 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने अपनी सांगठनिक क्षमता का परिचय दिया और राष्ट्रीय कार्यकारिणी पर विशेष छाप छोड़ा। 2017 के विधानसभा चुनाव एवं 2019 के लोकसभा चुनाव में उनको बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के प्रत्येक सभा को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने अपने कार्यप्रणाली से सबको प्रभावित किया।विधानसभा चुनाव 2017 के बाद उन्हें योगी सरकार में परिवहन, प्रोटोकाल एवं ऊर्जा मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री बनाया गया। 16 जुलाई 2019 को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए। शुरूआती दिनों में उरई में एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र में भी लिखा।

जालौन को बनाई कर्मभूमि

मीरजापुर की माटी में पले-बढ़े स्वतंत्र देव सिंह ने बुंदेलखंड के जालौन को अपनी कर्मभूमि बनाया। बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवार में जन्मे स्वतंत्र देव अपने परिवार में पहले व्यक्ति हैं, जो आरएसएस से जुड़कर भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं।

अब तक का राजनीतिक सफर

- 1986 : आरएसएस के प्रचारक बने।

- 1988-89 : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में संगठन मंत्री।

- 1991 : भाजपा कानपुर के युवा शाखा के मोर्चा प्रभारी।

- 1994 : बुंदेलखंड के युवा मोर्चा प्रभारी।

- 1996 : युवा मोर्चा के महामंत्री।

- 2001 : भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष।

- 2004 : विधान परिषद के सदस्य बने।

- 2004 से 14 तक प्रदेश महामंत्री।

- 2017 : परिवहन, प्रोटोकाल एवं ऊर्जा मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री।

- 2019 : उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बनाए गए।

स्वतंत्र देव सिंह के मंत्री बनने पर उनके गांव जश्न का माहौल : स्वतंत्र देव सिंह के योगी मंत्रीमंडल दो में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुक्रवार को उनके पैतृक गांव ओड़ी में उनके आवास पर पहुंच कर उनकी मां रामा देवी को बधाई दिया। ग्रामीणों ने उनकी मां का मिठाई खिलाकर मुंह मीठा किया एवं एक -दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।ग्रामीणों ने उनके आवास के बाहर आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। उनकी मां रामा देवी ने अपने पुत्र के मंत्री बनने पर प्रसन्नता जताई और कहा कि उनकी इच्छा है कि उनका पुत्र देश की सेवा करें।पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं भी उनकी मां को बधाई देने के लिए उनके घर पहुंची हुई थी।

इस दौरान भीम कुमार, राजेंद्र सिंह, रोहित सिंह, नरसिंह सिंह, शैलकुमारी, हीरावती देवी, दीपमाला सिंह, वैजंती देवी, नरेंद्र सिंह, वंशनारायण सिंह, सचिन सिंह, हर्ष पटेल, महेंद्र सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें योगी सरकार 2.0 : पूर्वांचल से कई चेहरे योगी सरकार में बने मंत्री, देखिए मंत्रियों की पूरी लिस्‍ट