मोदी, राहुल, अखिलेश की चर्चा नहीं, पहले अपना घर संवारिए : रामदेव
आजमगढ़ मेंयोग गुरु बाबा रामदेव ने भाजपा की कर्नाटक जीत पर एक दिन पूर्व खुशी जाहिर की थी तो अगले दिन सेहत का मंत्र दिया।
आजमगढ़ : योग गुरु बाबा रामदेव ने भाजपा की कर्नाटक जीत पर एक दिन पूर्व खुशी जाहिर की थी। साथ ही प्रधानमंत्री की नीतियों को सराहा भी था लेकिन योग शिविर में वह पूरी तरह राजनीतिक बातों से तौबा करते दिखे। योग पर ध्यान था तो दूसरी तरफ वाणी पर लगाम। बिल्कुल सधी हुई बातें कीं। आमजन की भावनाओं, दुख दर्द को अपने दिल से जोड़ते हुए अनवरत संदेश देते दिखे। पूर्ववर्ती सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले बाबा रामदेव ने सधे शब्दों में कहा कि प्रत्येक इंसान के अंदर भगवान है तो दूसरी तरफ रावण व बगदादी भी। योग नहीं किया गया तो यह जाग जाएगा। यह तबाही मचाता है। इससे बचने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने अनर्गल, बेमतलब की बातों से बचने की सलाह दी। कहा कि मोदी, राहुल व अखिलेश पर चर्चा मत करिए, पहले अपने घरो को संवारिए। टूटते घरों को जोड़िए। घरों में संस्कार के बीज का रोपण करिए। यही बच्चे आगे जाकर देश को दिशा देंगे। महिलाओं को सम्मान दीजिए। शिक्षित करिए। परिवार, घर, देश यह सब संवार देंगी।
बाबा रामदेव शहर के आईटीआई मैदान में आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर के पहले दिन यानी बुधवार को सुबह पांच बजे से साढ़े सात बजे तक हजारों साधकों को योग करने के तौर तरीके संग इसके गुर बता रहे थे। कहा कि जैसा हमारा आहार-विचार होगा वैसा ही हमारा घर परिवार होगा। योग ऐसा माध्यम है जो परिवार के संबंध को मधुर बनाता है। अगर परिवार का संबंध मधुर है तो अच्छे समाज के निर्माण से कोई नहीं रोक सकता है। कहा कि योग करेंगे तो परिवार में झगड़ा नहीं होगा। जब झगड़ा नहीं होगा तो वकील की जरूरत नहीं पड़ेगी। कहा कि सास-बहू एक साथ योग करेंगी तो पहचान में नहीं आएंगी कि कौन बहू है और कौन सास है। यह योग में शक्ति है। मैं योग से बिना दवा खाने वाला भारत देखना चाहता हूं। यह मेरा संकल्प है कि जब तक भारत के लोगों को दवा से मुक्ति नहीं दिला लूंगा चैन से नहीं बैठूंगा। मैं यदुवंशी नहीं बल्कि भारतवंशी हूं। योग साइंटेफिक व सेकुलर पद्धति है। इसका किसी मजहब से लेना देना नहीं हैं। आज तमाम मुसलमान भी हाथ में रक्षासूत्र बांधते हैं। वक्त के साथ हम बदल गए लेकिन हमारे पूर्वज वही है। महिलाएं कपालभांति से अपना हीमोग्लोबीन बेहतर कर सकती हैं। बहुा कहा कि योग करके देश को बड़ा योगदान देंगे। कहा कि योग के माध्यम से लाखों लोगों को जीवन मिला है। योग करने से देश के लाखों लोगों का बीपी क्योर हो गया है। योग से विजेता होने की शक्ति मिलती है। योग विजय व सफलता का मंत्र हैं। वाराणसी की घटना पर अफसोस जताया
मंगलवार को वाराणसी में ओवरब्रिज ढहने की घटना पर काफी दुख व्यक्त करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि बनारस में उद्घाटन से पहले ही ओवरब्रिज ढह गया। कितने लोग काल के गाल के समा गए। पहले सौ साल बाद पुल को तोड़ने का आदेश दिया जाता था तब पुल टूटता था। आज यह स्थिति हो गई है। हमारा देश कहां जा रहा है। यह भी कहा कि ब्रिटेन में फुटपाथ दस साल तक चलते हैं। यहां बनने के कुछ माह बाद ही टूट जाते हैं। प्राणायाम कैंसर रोग को देता है मात
बाबा रामदेव ने कहा कि प्राणायाम से कैंसर, ब्लड प्रेशर, शूगर, थाइराइड जैसी बीमारियों का सफाया किया जा सकता है। कहा कि 20 लाख किमी की यात्रा की है। करीब दस करोड़ से ज्यादा लोगों को योग सिखाया। बिना दवा खाए लोग पूरी तरह से स्वस्थ है। आज देश में 100 लाख करोड़ की दवाइयां खाई जा रही हैं। इससे मुक्ति दिलाना है।