विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में वाट्सएप काल पर जीता विश्वास फिर महिला से ऐंठ लिए 35 लाख रुपये

By Anurag Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 28 Aug 2026 12:06 PM (IST)

वाराणसी में एक महिला से व्हाट्सएप कॉल के जरिए कस्टम अधिकारी बनकर 35 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। ...और पढ़ें

वाराणसी में व्हाट्सएप कॉल पर विश्वास जीतकर महिला से 35 लाख की ठगी।

वाराणसी में व्हाट्सएप कॉल पर विश्वास जीतकर महिला से 35 लाख की ठगी।

HighLights

  1. वाराणसी की महिला से व्हाट्सएप कॉल पर ठगी।

  2. कस्टम अधिकारी बनकर 35 लाख रुपये ऐंठे गए।

  3. आरोपी तन्मय त्यागी के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। चांदमारी की एक महिला को वाट्सएप काल के माध्यम से विश्वास में लेकर कस्टम विभाग के नाम पर भय दिखाकर लगभग 35 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठग ने खुद को मुसीबत में फंसा बताकर मदद के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआइ के जरिए रकम ट्रांसफर कराई।

पीड़ित के पुत्र संजीव सिंह ने साइबर थाने में तहरीर देकर आरोपित तन्मय त्यागी और उसके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर के अनुसार, आरोपित ने अप्रैल में संजीव की मां से वाट्सएप काल के जरिए संपर्क किया और लगभग सात-आठ दिन तक बातचीत कर उनका विश्वास जीत लिया। 22 अप्रैल को उसने बताया कि वह कारोबार के सिलसिले में दिल्ली आया था, जहां एयरपोर्ट कस्टम ने उसे तीन करोड़ रुपये नकद, तीन आइफोन और लगभग 12 लाख रुपये के जेवरात के साथ पकड़ लिया है।

उसने इन सामान को छुड़ाने के लिए रुपये की आवश्यकता बताई। पीड़िता को विश्वास दिलाने के लिए आरोपित ने कथित तौर पर कस्टम अधिकारी द्वारा मारपीट किए जाने का वीडियो भी भेजा। इसके बाद कारोबारी साझेदारी और भविष्य में रुपये देने का लालच देकर रकम की मांग शुरू की। शुरुआत में 35 हजार रुपये मांगे गए, फिर अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार रकम ट्रांसफर कराई गई।

तहरीर में 23 अप्रैल से 17 अगस्त तक करीब 22.73 लाख रुपये के लेनदेन का रिकार्ड होने की बात कही गई है। पीड़िता ने रकम जुटाने के लिए सोना बेचा और परिचितों से उधार लिया। जब उसने रुपये वापस मांगे, तो आरोपित ने टालमटोल की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पक्ष ने 26 अगस्त को साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है।