Coronavirus in varanasi : बनारस में जेद्दाह से लौटी महिला में Covid-19 का Positive संक्रमण मिला
बनारस जिले में उमरा से लौटी महिला में Covid-19 का Positive संक्रमण मिला।
वाराणसी, जेएनएन। शहर में एक 42 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। जिलाधिकारी के अनुसार 15 मार्च को सऊदी अरब के जेद्दा से वह दिल्ली आयी थी। बजरडीहा की रहने वाली महिला 16 मार्च को शिवगंगा ट्रेन से वाराणसी तक आई थी। पीड़ित महिला क्षय रोग से भी पीड़ित बताई गई है। वहीं संक्रमण की जानकारी होने के बाद परिवार के 14 लोगों के भी स्वैब सैम्पल लेने के साथ ही उन्हें होम क्वारंटाइन कर दिया गया है।
प्रशासन के अनुसार विदेश से आने वालों को जांच कराने की हिदायत दी गई थी। जिसके बाद दीन दयाल उपाध्याय मण्डलीय अस्पताल में पति पत्नी जांच कराने आये थे। बुखार की शिकायत के बीच जांच की गई तो महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई। इसके बाद महिला को आइसोलेट करते हुए वार्ड में शिफ्ट कर इलाज शुरू कर दिया गया। बजरडीहा निवासी महिला और पति दोनों ही उमरा के लिए गए थे, जांच में हालांकि पति की रिपोर्ट निगेटिव आई है। मगर सुरक्षा कारणों से उनको भी आइसोलेट कर दिया गया गया है। जबकि क्षेत्र को सील करते हुए परिजनों का भी सैम्पल जांच के लिए लिया जाएगा। प्रशासन अब सम्बंधित क्षेत्र में सख्ती भी करने की तैयारी में है।
मेडिकल टीम के क्वारंटाइन की व्यवस्था
कोरोना मरीजों का इलाज कर रहे मेडिकल व पैरा-मेडिकल टीम के क्वारंटाइन का प्रबंध जिला प्रशासन की ओर से किया गया है। बीएचयू स्थित एलडी गेस्ट हाउस में 54 कमरे व राही पर्यटकगृह परेडकोठी में 25 कमरे आरक्षित कर दिए गए हैं। संदिग्ध मरीजों के लिए जिला अस्पताल में आठ-आठ घंटों के तीन शिफ्ट में 24 घंटे ओपीडी संचालित कर जांच एवं परामर्श दिए जा रहे हैं।