महिला न बराती न घराती फिर भी रात भर करवाती रही अपनी दोनों पक्षों से खातिरदारी
स्थानीय बाजार में एक शादी समारोह में अनजान महिला रात भर विवाह मंडप में अपनी खातिरदारी कराती रही लेकिन इस बात से सभी घराती बाराती अनजान रहे।
सोनभद्र, जेएनएन। स्थानीय बाजार में एक शादी समारोह में अनजान महिला रात भर विवाह मंडप में अपनी खातिरदारी कराती रही लेकिन इस बात से सभी घराती बाराती अनजान रहे। उसे घर वाले बाराती समझ रहे थे और बाराती घर वाले समझते रहे।
जानकारी के अनुसार कोन चाचीकला मोड़ पर मंगलवार की रात्रि में ठाकुर गुप्ता के यहां बरात आयी थी जिसमें एक महिला बड़े ही अदब से उक्त घर में प्रवेश कर गयी। लोग बराती के स्वागत में लगे रहे तो महिला भी स्वागत सतकार और समारोह में लगी रही। यही नही रात भर विवाह मंडप में शादी बड़े शौक से कराई, इधर उसके हाव भाव देख घराती भी कुछ नही बोल पा रहे थे कि वह बराती तरफ से होगी अगर कुछ बोल देते तो लड़के वाले नाराज हो जायेंगे। वहीं बराती भी लड़की पक्ष से होने की संभावना में कुछ नहीं बोल पा रहे थे।
मामला तब समझ मे आया जब उक्त महिला लड़की की विदाई के वक्त लड़की के साथ जाने की जिद पर अड़ गयी। वहीं लड़के के पिता ने जब लड़की के पिता को अलग ले जाकर पूछा तो मामले का खुलासा हुआ कि वह किसी पक्ष से नहीं है। तब लड़की के पिता ने कोन थाना निरीक्षक राजेश सिंह को फोन से जानकारी दी वहीं मौके पर पुलिस ने उक्त महिला को थाना ले आयी। वहीं पूछताछ के दौरान एक होमगार्ड ने उक्त महिला की पहचान किया कि दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। यह विंढमगंज की रहने वाली है, वही थाना निरीक्षक ने उसके घर वालों को सूचना दे दी है।