देवर से नहीं हुई शादी तो महिला ने फांसी लगाकर दे दी जान, पिता ने दी हत्या की तहरीर
बलिया के रेवती थाना क्षेत्र में सुरेमनपुर दियरांचल के गोपालनगर गांव में देवर से शादी न होने पर विधवा महिला ने पंखे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया।
बलिया, जेएनएन। रेवती थाना क्षेत्र में सुरेमनपुर दियरांचल के गोपालनगर गांव में देवर से शादी न होने पर विधवा महिला ने पंखे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। ससुरालियों ने राज छुपाने के लिए चुपके से शव का प्रवाह भी कर दिया। मामला तब खुला जब छोटी बहन मायके जाकर घटना की पूरी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन ससुराल के लोग फरार हो गए। मृतका की छोटी बहन इंदु देवी की शादी भी उसी घर में कमलेश यादव से हुई है।
इंदू शुक्रवार को दोपहर बाद मायके जाकर पूरी घटना बताई। जिसके बाद मृतका के पिता सुमेश्वर यादव ने तत्काल 100 नंबर पर डायल कर पुलिस को बताया और उसके बाद रेवती थाने में भी घटना की सूचना दी। देर रात मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार यादव रेवती पुलिस के साथ पहुंच गए और घटना स्थल का निरीक्षण किया। मृतका के पिता ने ससुरालियों के खिलाफ रेवती थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि ससुरालियों ने प्रताड़ित कर मेरी बेटी को मार डाला है। पुलिस जांच में जुटी है। अपर पुलिस अधीक्षक ने मृतका के पिता को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।
देवर से शादी के पक्ष में नहीं थी सास : सात साल पूर्व टोला शिवन राय निवासी किरण की शादी गोपाल नगर निवासी मनोज के साथ धार्मिक रीति-रिवाज के साथ हुई थी। किरण को दो बच्चे हैं, आठ वर्ष का बेटा प्रिंस व छह वर्ष की बेटी निक्की। निक्की के जन्म के कुछ दिनों के बाद मनोज यादव की असामयिक मौत हो गई। तब से मन ही मन किरण मनोज के छोटे भाई अखिलेश यादव से शादी करना चाह रही थी। अखिलेश यादव भी किरण से शादी करना चाह रहे थे, लेकिन किरण की सास यह नहीं चाह रही थी। वह बार-बार कह रही थी कि मेरे पहले बेटे की मौत तुमसे शादी होने के कारण हो गई, दूसरे बेटे की शादी तुमसे नहीं होने दूंगी। इसको लेकर रोज ही घर में बवाल होता था।
अंतत: किरण ने जब देखा कि मेरी शादी अखिलेश से नहीं हो पाएगी तो उसने फांसी लगाकर जीवन ही समाप्त कर लिया। किरण की छोटी बहन इंदू जिसकी शादी मनोज के दूसरे छोटे भाई कमलेश से हुई थी, पूरी घटना को काफी नजदीक से देखा था। उसने मायके जाकर अपने पिता से सबकुछ बता दिया। मृतका के पिता ने किरण के तीन देवरों अखिलेश यादव, सुनील यादव व पिंटू यादव के खिलाफ किरण की हत्या करने की तहरीर रेवती थाने में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -राकेश सिंह, थानाध्यक्ष, रेवती।