वाराणसी में दिन दहाड़े पहड़िया चौराहे पर महिला से छिनैती, सोने के आभूषण छीनकर फरार हुए बदमाश
वाराणसी के पहड़िया चौराहे पर रविवार सुबह दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला को बातों में उलझाकर उसके सोने के ...और पढ़ें

वाराणसी में दिनदहाड़े महिला से छिनैती, पहड़िया चौराहे पर सोने के आभूषण लूटे।
HighLights
पहड़िया चौराहे पर महिला से दिनदहाड़े सोने के आभूषण छीने गए।
दो अज्ञात बदमाशों ने बातचीत में उलझाकर घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज से जांच शुरू की है।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। पहड़िया चौराहा स्थित मंडी गेट नंबर दो के सामने रविवार सुबह दो अज्ञात व्यक्तियों ने एक महिला को बातचीत में उलझाकर उसके सोने के आभूषण छीन लिए। घटना के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। महिला की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मारकंडेय महादेव, चौबेपुर निवासी आशा यादव वर्तमान में पहड़िया चौराहा स्थित मकान में रहती हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार सुबह करीब नौ बजे वह आवश्यक कार्य से जा रही थीं। पहड़िया चौराहे के पास दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास आए और बातचीत में उलझा लिया। इसके बाद मंडी गेट नंबर दो के सामने दोनों ने धमकाते हुए उनके पहने हुए आभूषण जबरन छीन लिए।
महिला के मुताबिक आरोपित उनके दोनों कानों के सोने के कुंडल, हाथ की चार सोने की अंगूठियां और गले में पहनी सोने की चेन लेकर फरार हो गए। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे।
महिला ने पुलिस से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही लूटे गए आभूषण बरामद कराने की भी गुहार लगाई है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
