Weather Report 30 November 2022 : वाराणसी में कोहरे में छिपा सूरज का ताप, गलन में इजाफा
Weather Report वाराणसी में मौसम का रुख अब गलन की ओर होता जा रहा है। सुबह कोहरे का असर होने लगा है तो दिन चढ़ने के बाद सूरज का ताप भी कमजोर होने लगा है। इसी के साथ मौसम अब सर्द हो चला है।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम का रुख बदल चुका है। कोहरे के साथ ही अब गलन का दौर लोगों को महसूस होने लगा है। कंबल का समय बीतने के साथ ही अब रजाई ठंड ने ओढ़ रखी है। पछुआ हवाओं का जोर है तो वातावरण में बढ़ी नमी की वजह से लोगों को मौसम बदला हुआ भी महसूस हो रहा है। मौसम का रुख यही बना रहा तो आने वाले दिनों में गलन का असर व्यापक तौर पर नजर आने लगेगा। मौसम विभाग की ओर से इस पूरे सीजन में सर्दियों का असर अधिक होने का अनुमान है। सुबह हाइवे पर घना कोहरा नजर आया तो वाहन भी फाग लाइट जलाकर रेंगते नजर आए।
बुधवार की सुबह वातावरण में नमी का असर भी रहा और ठंडी हवाओं ने लोगों को खूब कंपाया भी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख बदलेगा और गलन भी काबिज होगी। आधी रात के बाद से ही ओस और हल्का कोहरा नजर आने लगा। सुबह कोहरा कुछ और सघन हुआ तो अंचलों में कोहरा स्पष्ट नजर आने लगा। शहरी क्षेत्रों में कोहरे का मामूली असर रहा तो दिन चढ़ने के बाद आठ बजे सूरज की रोशनी भी कोहरे के बीच से कुछ नजर आने लगी। इसके साथ ही वातावरण में ठंड का असर भी कमजोर पड़ने लगा और लोग धूप सेंकते नजर आए।
वाराणसी में बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। आर्द्रता अधिकतम 98 फीसद और न्यूनतम 67 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार कोहरे का असर पश्चिम से अब पूर्व और उत्तर भारत की ओर हो चला है। इसकी वजह से सर्दियों का दौर पूर्वांचल में अब असर करने लगा है। जल्द ही गलन का असर भी तेज हो जाएगा।