बादलों की आवाजाही से पूर्वांचल में मौसम का रुख बेहतर, उमस से मिल रही राहत Varanasi news
पूर्वांचल में बादलों की आवाजाही होने से मौसम खुशगंवार बना हुआ है। कई दिनों से रह रहकर हो रही बरसात की वजह से तापमान में भी गिरावट आई है।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में बादलों की आवाजाही होने से मौसम खुशगंवार बना हुआ है। कई दिनों से रह रहकर हो रही बरसात की वजह से तापमान में भी गिरावट आई है। रविवार को भी मौसम काफी अच्छा रहा। सुबह बरसात होने से जहां लोगों को राहत मिली तो हीं दिन चढ़ते ही धूप छांव का सिलसिला भी शुरू हो गया। हालांकि इससे उमस में इजाफा नहीं हुआ जबकि ठंडी हवाओं का रुख बना रहने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पूर्वांचल में मानसूनी बारिश का रुख बना हुआ है। पर्याप्त नमी मिलने की वजह से रह रहकर बारिश भी हो रही है।
24 घंटों में मौसम का रुख रहा ऐसा
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से दाे डिग्री अधिक रहा जबकि 1.6 मिमी इस दौरान बारिश दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 92 और न्यूनतम 70 फीसद दर्ज किया गया। वहीं पूर्वांचल के कई जिलों में रविवार को बारिश होने से किसानों को काफी राहत मिली है।
एक सेमी प्रति घंटा की बढ़ाव पर गंगा
गंगा के जलस्तर में शनिवार से ही वृद्धि का क्रम जारी है। शनिवार की सुबह केंद्रीय जल आयोग गायघाट केंद्र पर गंगा का जलस्तर प्रात: आठ बजे 52.27 मीटर दर्ज किया गया। गंगा एक सेमी की रफ्तार से बढ़ाव पर थी। रविवार के दिन गंगा का जलस्तर दोपहर 12 बजे 52.55 मीटर दर्ज किया गया।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप