पूर्वांचल में मौसम का रुख बदला, बादलों ने झूमकर गिराया पानी, उमस से मिली राहत Varanasi news
मौसम का रुख बदलने से उमस से जहां राहत मिली है वहीं ठंडी हवाओं के रुख से लोगों को बीते चौबीस घंटों से मौसम राहत दे रहा है।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में मौसम का रुख एक बार फिर से बदल चुका है। मौसम का रुख बदलने से उमस से जहां राहत मिली है वहीं ठंडी हवाओं के रुख से लोगों को बीते चौबीस घंटों से मौसम राहत दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सप्ताह तक ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।
सोमवार की सुबह कई इलाकों में हुई झमाझम बरसात के बाद दोपहर बाद भी आसमान बादलों से पटा और झमाझम बरसात से लोगों को राहत मिली। शहर गांव और गलियों में बरसात का पानी जमा होने से लोगों को दुश्वारी भी झेलनी पड़ी।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था वहीं न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। हालांकि सोमवार को दिन भर बूंदाबांदी का माहौन रहने से तापमान और भी कम हुआ। इस दौरान आर्द्रता अधिकतम 77 और न्यूनतम 65 फीसद दर्ज किया गया।
आकाशीय बिजली से युवती झुलसी
सेवापुरी में जंसा थाना के तेंदुई गांव में रविवार को देर रात हैडपम्प से पानी लेने जा रही मंजू देवी (35) आकाशीय बिजली की चपेट में आने से झुलस गयी। घटना के बाद झुलसी युवती को जंसा स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां वह खतरे से बाहर बतायीजाती है। पति बनवारी लाल बुनकरी की काम करता है।
आकाशीय बिजली से मां की मौत, दो बेटियां झुलसीं
सोनभद्र में स्थानीय बीजपुर थाना क्षेत्र में नेमना ग्राम पंचायत के धौरहवा टोला में सोमवार की शाम करीब सवा छह बजे तेज गरज-चमक के साथ अचानक आकाशीय बिजली एक पक्के घर पर गिर गई। इससे घर में बैठी मां की मौत हो गई और दो पुत्रियां झुलस गईं। दोनों को ग्राम प्रधान ने निजी साधन से रिहंद चिकित्सालय भेजवाया। जहां दोनों की हालत चिकित्सकों ने गंभीर बताई। धौरहवा टोला निवासी रामरतन गाय चराने गया था। शाम करीब सवा छह बजे जब बारिश होने लगी तो रामरतन की पत्नी फूलमती (43) अपनी दो पुत्रियों अनीता (23) व संगीता (12) के साथ अपने पक्के मकान में बैठी थी। उनके दो पुत्र व एक एक पुत्री पीछे वाले हिस्से में कच्चे मकान में ही थे। इसी दौरान बारिश होने लगी। अभी कुछ ही देर बीते थे कि तेज गरज-चमक के साथ घर पर आकाशीय बिजली गिर गई। इससे मां की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दोनों पुत्रियां झुलस गईं। घटना के बाद आस-पास के लोगों ने इसकी जानकारी ग्राम प्रधान सीताराम को दी। सीताराम ने निजी वाहन से तीनों को रिहंद चिकित्सालय भेजवाया। वहां दोनों पुत्रियों की हालत गंभीर बताई गई।