तापमान में बढोतरी के बाद अब फिर मौसम बदलाव की ओर, जानिए कैसा रहेगा आने वाले सप्ताह में मौसम का हाल
मौसम का रंग एक बार फिर से बदलाव की ओर है मध्य उत्तर प्रदेश तक बीते चौबीस घंटों तक असर रहा मगर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक आते आते खत्म हो गया।
वाराणसी, जेएनएन। मौसम का रंग एक बार फिर से बदलाव की ओर है, मध्य उत्तर प्रदेश तक बीते चौबीस घंटों तक असर रहा मगर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक आते आते खत्म हो गया। हालांकि अब इसके पीछे चलने वाली ठंडी हवाओं के आने का क्रम शुरू होगा, इस लिहाज से रविवार की सुबह से दोबारा ठंड का असर शुरू होगा।
मौसम विभाग की ओर से जारी सप्ताह भर के अनुमानों के अनुसार भी एक दिसंबर से मौसम का रुख दोबारा बदलने की उम्मीद जताई गई है। इस वजह से दिसंबर माह के पहले पखवारे में तापमान दस डिग्री से कम और अधिकतम पारा 25 डिग्री से कम जाने की उम्मीद है। हालांकि इसके बाद पाले और कोहरे का दौर अधिक सघन होने की वजह से लोगों को इस सर्दी में अधिक दुश्वारी झेलनी पड़ सकती है।
मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि उम्मीद है कि 30 नवंबर से पछुआ हवा का असर शुरू हो जाएं। ऐसा होने के बाद आसमान साफ होगा, लेकिन इससे ठंडी भी बढ़ेगी। कई दिनों से चल रही पुरुवा हवा का असर शुक्रवार को कम हो गया। यही वजह है कि तापमान में कमी नहीं देखी गई। अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा वहीं एवं न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य रहा। इस दौरान अार्द्रता अधिकतम 77 और न्यूनतम 59 फीसद दर्ज की गई।
इस मौसमी बदलाव के कारण भले ही वातारण में इन दिनों कुछ गर्मी रही, लेकिन शनिवार से ठंड बढ़ेगी। कारण कि जम्मू-कश्मीर से आने वाली पछुआ हवा अपना दबाव बनाने में कामयाब हो सकती है। ओडिशा से आ रही पुरुवा हवा के कारण कोहरा एवं धुंध बढ़ गई थी। धुंध की वजह से पीएम 10 व पीएम 2.5 आसमान में न जाकर सतह पर ही रूक गए थे। यही वजह है कि प्रदूषण का स्तर भी बढ़कर 366 हो गया था।