कश्मीर से ठंडी हवाओं का झोंका लेकर पूर्वांचल तक पहुंचा कोल्ड फ्रंट, जानिए सप्ताह भर के मौसम का हाल
मौसम का रुख ठंड की ओर होने जा रहा है क्योंकि लगातार दो दिनों तक आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच वार्म फ्रंट सोमवार की रात को पूर्वांचल से आखिरकार गुजर गया।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में अब मौसम का रुख ठंड की ओर होने जा रहा है क्योंकि लगातार दो दिनों तक आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच वार्म फ्रंट सोमवार की रात को पूर्वांचल से आखिरकार गुजर गया। इसके बाद अब कोल्ड फ्रंट अब धमकने जा रहा है, जिसके साथ जम्मू-कश्मीर से ठंडी हवा लेकर वह पहुंच चुका है। इसके कारण ठंडी बढ़ जाएगी और तापमान में भी धीरे धीरे गिरावट शुरू हो जाएगी जो पूर्व में लगभग स्थिर हो चुका था। मंगलवार की सुबह भी आसमान कोहरे में कैद नजर आया और सूरज की किरणें सुबह सात बजे तक कोहरे की चादर को बेध नहीं सकीं।
हालांकि आठ बजे तक हल्की किरणों ने धरती पर आमद दर्ज की और कोहरा हल्का छंट भी गया। जबकि दिन चढने तक धूप गुनगुनी होने लगी और लोगों को ठंड से राहत भी मिली। हालांकि तड़के अंचलों में कोहरा इतना सघन हो गया कि वाहनों को फाॅग लैंप के साथ चलना विवशता हो गई। जबकि कई गाडियां रेंगती नजर आईं। जबकि शाम चार बजे के बाद ही लगा मानो दिन ढल गया हो, सूरज की रोशनी खत्म होते ही पांच बजते बजते ठंड भी वातावरण में घुल गई।
वाराणसी में सुबह आंचलिक क्षेत्राें में काफी घना कोहरा पड़ने की वजह से सुबह नई दिल्ली से वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाराणसी तक आने वाला पहला विमान नई दिल्ली में ही रोक दिया गया। एयरपोर्ट क्षेत्र में दृश्यता कम होने के चलते कई विमान भी विलंबित हो गए। सुबह करीब आठ बजे के बाद दृश्यता सामान्य होने के बाद विमानों का सामान्य आपरेशन शुरू हो सका। एयरपाेर्ट के प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार अब जनवरी माह तक कोहरे का लगातार असर रहने से रात से सुबह तक विमानों का संलाचन कोहरे की वजह से प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई है।
वहीं इससे पूर्व रविवार एवं सोमवार को धूप-छांव की खेल चली। इसके कारण न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ाव भी हुआ। हालांकि अधिकतम तापमान अपनी जगह टिका रहा। इसके कारण ठंड भी बरकरार रही। रविवार को सुबह के बाद अचानक आए इस बदलाव से लोगों की धड़कनें भी बढ़ गई। सुबह में तो पछुआ हवा के साथ तेज धूप थी, लेकिन इसके बाद आसमान में बादल छाने लगे। यह स्थिति सोमवार तक रही। वहीं अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री पर आ गया और सोमवार को भी यही स्थिति बनी रही। वहीं न्यूनतम तापमान भी घटकर 14.8 डिग्री पर आ गया था, लेकिन अगले ही दिन इसमें काफी उछाल हुआ। सोमवार को न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इन दौरान अधिकतम तापमान में जहां एक डिग्री की गिरावट आई वहीं न्यूनतत पारा सामान्य से तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया। जबकि आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 84 और न्यूनतम 83 फीसद दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय बताते हैं कि जम्मू-कश्मीर से आया वार्म फ्रंट पास होने के बाद वार्म सेक्टर भी सोमवार की रात तक गुजर गया। इसके यहां से पूरी तरह चले जाने के बाद दिन साफ हो जाएगा। इसके बाद ठंडी बढ़ जाएगी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कोल्ड फ्रंट काशी में आ जाएगा। इसके बाद तापमान में गिरावट होगी ओर ठंडी बढ़ेगी। इसके फिर तीन दिन बाद एक डिस्टर्बेंस जम्मू-कश्मीर में बनेगा।