पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंचा कोल्ड फ्रंट, अब तेजी से बढ़ेगी ठंडी, जानिए कैसा रहेगा सप्ताह भर का मौसम
हिमालय के पहाड़ों से चला कोल्ड फ्रंट अब पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित काशी तक पहुंच गया है।
वाराणसी, जेएनएन। हिमालय के पहाड़ों से चला कोल्ड फ्रंट अब पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित काशी तक पहुंच गया है। मंगलवार को यहां से कोल्ड फ्रंट पास होने के कारण आसमान में बादल भी छा गए। यही वजह है कि अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट भी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार बादल छंटने के बाद ठंडी अब तेजी से बढ़ेगी। हालांकि बुधवार की सुबह ठंड में इजाफा नजर आया और ठंडी हवाओं के जोर से लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। रात में ओस भी पड़ी और सुबह सिहरन भी रही।
जबकि दिन चढ़ने के साथ ही पूर्वांचल में आसमान साफ दिखा और सात बजे तक धूप भी खिल गई। गुनगुनी धूप खिलने के बाद लोगों ने धूप सेंक कर राहत भी महसूस किया। ठंड के दस्तक के साथ ही अब घरों में पंखे और कूलर शांत हो चुके हैं और रजाई कंबल के आसरे लाेग होने लगे हैं। मौसम विभाग ने हालांकि सप्ताह भर के अपेक्षित आंकड़ों में न्यूनतम पारे में कम और अधिकतम तापमान में अधिक गिरावाट की आशंका जाहिर की है। ऐसे में ठंड का स्तर और कम होने की इस सप्ताह उम्मीद है। हालांकि दिसंबर माह के पहले सप्ताह में न्यूनतम पारे में और गिरावट आने के साथ ही कोहरा और घना होने की उम्मीद जताई जा रही है।
सोमवार को अधिकतम तापमान जहां 28.6 डिग्री था वहीं मंगलवार को घटकर 28.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान में एक दिन पहले 15.2 डिग्री से घटकर 14.4 डिग्री सेल्सियस हो गया था। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 77 और न्यूनतम 55 फीसद दर्ज की गई। प्रसिद्ध मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि कोल्ड फ्रंट के पीछे-पीछे बेहद ही ठंडी हवा चलती है। यानी कोल्ड फ्रंट के यहां से पास हो जाने के बाद न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट हो सकती हे। इसके कारण ठंडी बढ़ जाएगी।