बादलों और कोहरे ने पूर्वांचल में जमाया कब्जा, जानिए कैसा रहेगा आने वाले सप्ताह में मौसम का हाल
पूर्वांचल में गलन और कोहरे का दौर एक बार फिर से कोल्ड फ्रंट आने के साथ ही शुरू हो चुका है।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में गलन और कोहरे का दौर एक बार फिर से कोल्ड फ्रंट आने के साथ ही शुरू हो चुका है। शनिवार की सुबह भी घना कोहरा और बादल का असर समूचे पूर्वांचल में नजर आया। ठंडी हवाओं के साथ ही गलन ने लोगों को खूब सताया। सड़कों पर फॉग लाइट के साथ वाहन भी दिन चढ़ने तक रेंगते नजर आए। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम का कुछ ऐसा ही हाल बरकरार रह सकता है।
वहीं एक दिन पूर्व धूप की झलक दिखाकर शुक्रवार को सूर्य देव बादलों की ओट में छिप गए। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे साथ ही ठंड भी बढ़ गई थी। वहीं वाराणसी सहित आस-पास के क्षेत्रों में शुक्रवार क भोर से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी जो रात तक चलती रही। इस बीच लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा क्योंकि जो लोग बाहर निकले थे उन्हें बार-बार हल्की बारिश परेशान कर रही थी। वहीं सड़क पर फिसलन भी बढ़ गई थी।
गुरुवार को जहां काशी वासियों ने बड़े दिनों बाद खिली और चटख धूप का आनंद लिया था वह सारा सुख शुक्रवार को छू मंतर हो गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री व न्यूनतम 14.0 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम आर्द्रता 95 प्रतिशत व न्यूनतम आर्द्रता 73 प्रतिशत दर्ज किया गया। प्रसिद्ध मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि आसमान में बादलों का डेरा अभी 18 जनवरी तक बना रहेगा। इस बीच हो सकता है कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी हो जाए। वैसे इसकी संभावना कम ही है। मगर 18 जनवरी के बाद बारिश नहीं रहेगी। 19 जनवरी कोल्ड फ्रंट आएगा जिससे घना कोहरा छाएगा और ठंडी हवा चलेगी। 19, 20, 21 जनवरी तक घने कोहरे व ठंडी हवा का प्रकोप बना रहेगा।