आसमान ही नहीं अब ठंड का भी रास्ता पूरी तरह साफ, जानिए कैसा रहेगा सप्ताह भर तक आपके शहर का मौसम
मौसम का रुख अब बारिश के बाद ठंड की ओर है लिहाजा पूर्वांचल में दिन प्रतिदिन ठंड की दस्तक होती जा रही है।
वाराणसी, जेएनएन। मौसम का रुख अब बारिश के बाद ठंड की ओर है, लिहाजा पूर्वांचल में दिन प्रतिदिन ठंड की दस्तक होती जा रही है। घरों से कूलर की विदायी हो गई तो दूसरी ओर पंखे भी बंद हो गए या कम गति पर चलने लगे हैं। ठंड की आमद के साथ ही अब गर्म कपड़ों और कंबल में रात गुजरने लगी हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार अब सप्ताह भर तक पूर्वांचल में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। इससे तय है कि अब रात में ओस का भी रास्ता साफ हो गया है। वहीं पूर्वांचल में सुबह भी कोहरा बनने की स्थिति होने लगेगी।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार भी मौसम अब पूरी तरह सामान्य हो चुका है। ठंड की भी दस्तक हो चुकी है, जल्द ही समूचे पूर्वांचल के मौसम में गुलाबी ठंड के बाद पखवारे भर में सिहरन का भी दौर शुरू हो जाएगा। ओस और कोहरा का दौर अब धीरे धीरे शुरू हो चुका है जल्द ही सुबह अंचलों में कोहरा और सघन होने लगेगा। इस बार कोहरा और ठंड दोनों का ही असर पर्याप्त बारिश के बाद पूर्वांचल में देखने को मिलेगा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था वहीं न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम था। जबकि आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 75 और न्यूनतम 67 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल में बादलों की सक्रियता शून्य रही।