तूफान फणि शनिवार को काशी में बेअसर हो गया, राहत के बाद फिर बढ़ी गर्मी और उमस
दो दिन असर दिखाने के बाद तूफान फणि शनिवार को काशी में बेअसर हो गया इसके कारण दोपहर बाद झुलसा देने वाली तेज धूप से लोग परेशान हो गए।
वाराणसी, जेएनएन। दो दिन असर दिखाने के बाद तूफान फणि शनिवार को काशी में बेअसर हो गया। इसके कारण दोपहर बाद झुलसा देने वाली तेज धूप से लोग परेशान हो गए। हालांकि शुक्रवार के सापेक्ष शनिवार को तापमान स्थिर रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पुरवा हवा के चलते चिपचिपी गर्मी भी शुरू हो गई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 38.4 व न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तूफान फणि का असर गुरुवार व शुक्रवार को काशी के साथ ही पूर्वाचल के कई हिस्सों में रहा।
कही आंधी आई तो कहीं बारिश हुई। तेज हवा एवं बादल की वजह से भीषण गर्मी से भी राहत मिली थी। साथ ही एक ही दिन में अधिकतम तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो गई। आधी के कारण पेड़ गिर गए और डालियां टूट कर गिर गई, जिसके कारण विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई। हालांकि शनिवार की दोपहर बाद फिर से स्थिति वैसी ही हो गई, जो चार दिन पहले थी। प्रसिद्ध मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय के अनुसार दो दिनों तक तूफान फणि का असर पूर्वाचल में रहा। इसी के कारण शुक्रवार को धूल भरी आंधी एवं बादलों का डेरा रहा। साथ ही रात तक कई हिस्सों में बारिश भी हुई। शनिवार को अधिकतम तापमान तो स्थिर रहा लेकिन न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।
तारीख |
अधिकतम | न्यूनतम |
04 मई | 38.4 | 24.1 |
03 मई | 38.4 | 26.6 |
02 मई | 43.0 | 29.0 |
01 मई | 45.0 | 27.6 |
30 अप्रैल | 45.4 | 25.1 |
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप