वाराणसी में जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या को लेकर पैदल मार्च, लोगों ने किया प्रदर्शन
वाराणसी के चितईपुर क्षेत्र में जलभराव और जर्जर सड़कों से परेशान होकर विश्वकर्मा नगर कॉलोनी की महिलाओं सहित स्थानीय लोगों ...और पढ़ें
HighLights
चितईपुर क्षेत्र में जलभराव और सड़कों की दुर्दशा पर विरोध प्रदर्शन।
विश्वकर्मा नगर कॉलोनी की महिलाओं ने पैदल मार्च कर जताया आक्रोश।
स्थानीय लोगों ने सीवर और जल निकासी के समाधान की मांग की।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। चितईपुर क्षेत्र की दर्जनों कालोनियों में जलभराव और सड़कों की दुर्दशा को लेकर विश्वकर्मा नगर कालोनी की महिलाओं के साथ ही क्षेत्र के काफी संख्या में लोगों ने विश्वकर्मा नगर कालोनी के मोड़ पर जमकर विरोध जताया। इसके बाद प्रदर्शन करने वाले चितईपुर चौराहे तक पैदल मार्च करके अपना आक्रोश और विरोध जताया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आसपास की सभी कालोनियों में जलभराव के कारण सड़कें भी जर्जर हो गई हैं। महिलाओं और बच्चों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। मार्च निकाल रहे लोग जलभराव और सीवर की मार, डूब रहा बनारस लाचार , नगर निगम होश में आओ, सीवर का गंदा पानी हटाओ , जलकल विभाग मुर्दाबाद, जनता त्रस्त, अधिकारी आज़ाद , स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज लाओ, काशी को जलभराव से मुक्त कराओ , कलेक्टर साहब होश में आओ, सीवर की इस नरक से मुक्ति दिलाओ , जिलाधिकारी ध्यान दो, कंदवा-चितईपुर के जलभराव का समाधान दो आदि के नारे लगाते हुए जमकर विरोध किया।
विरोध कर रहे लोगों ने बताया कि अमरा अखरी से भिखारीपुर मार्ग पर जलनिकासी की नाली बनी है लेकिन किसी काम की नहीं जिसके कारण पानी निकल नहीं पाता है। मुख्य सड़क की ऐसी हालत हो गई है कि लोग जान हथेली पर लेकर चलते हैं । सड़क में बड़े बड़े गड्ढे और जलभराव के कारण बाइक और आटो रोज पलट रहे हैं।
