Varanasi News: बरात का होता रहा इंतजार और दूल्हा प्रेमिका संग फरार, शिकायत पर टाल-मटोल करती रही पुलिस
हाथों में पिया के नाम की मेंहदी रचा घर में बैठी दुल्हन अपने दूल्हे के आने की राह देख रही थी। बरातियों के लिए टेंट लगा था पकवान बन रहे थे। बरात निकलने से पहले ही दूल्हा अपनी प्रेमिका संग फरार हो गया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी : हाथों में पिया के नाम की मेंहदी रचा घर में बैठी दुल्हन अपने दूल्हे के आने की राह देख रही थी। बरातियों के लिए टेंट लगा था, पकवान बन रहे थे। बरात निकलने से पहले ही दूल्हा अपनी प्रेमिका संग फरार हो गया। इसकी जानकारी होने पर कन्या पक्ष पुलिस के पास पहुंचा और दहेज के लिए बरात नहीं लाने का आरोप लगाया। पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और पहले तो टाल-मटोल करती रही, बाद में वर पक्ष को फोन मिलाकर अगले दिन आने को कह दिया।
मिर्जामुराद के अषाढ़ गांव में शुक्रवार की शाम चोलापुर से बरात आने वाली थी। दुल्हन के साथ रस्म चल रही थीं। तभी वर पक्ष की ओर से फोन आया कि बरात नही पहुंचेगी। इसका कारण पूछा गया तो पता चला दूल्हा अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो गया हैं। बरात न आने से दुल्हन के घर व जनवासे पर लगे टेंट की लाइटें रात में नहीं जली। मंडप सुनसान रहा और उसमें बैठकर रोती दुल्हन को महिलाएं ढांढस बंधाती रहीं। स्वजन चिंतित हो परेशान रहे। कन्या पक्ष ने आरोप लगाया कि दूल्हा दहेज न मिलने पर भाग जाने की धमकी दे रहा था। वहीं, वर पक्ष के दरवाजे पर दूल्हे की कार सज कर पहुंच गई थी। बरात में शामिल होने के लिए ग्रामीण भी पहुंचने लगे थे। दूल्हे के फरार होने की जानकारी मिली तो तरह-तरह की बातें करते हुए लौट गए।
दबंग पड़ोसियों द्वारा बहन की शादी में विघ्न डालने की मिली धमकी : शिवपुर थाना अंतर्गत कादीपुर में दबंग पड़ोसियों द्वारा एक व्यक्ति के बहन की शादी में विघ्न डालने की धमकी दी गई जिस पर व्यक्ति ने थाने पहुंचकर प्रार्थना पत्र के माध्यम से न्याय की व सुरक्षा की गुहार लगाई। थाने पहुंचे कादीपुर निवासी ऋषि राजभर ने बताया कि उनके बहन की शादी आज ही है और रात्रि में बरात आएगी।जिसकी तैयारियों में हमारा पूरा परिवार लगा हुआ है।यह दुर्भाग्य है कि मुझे बहन की शादी की तैयारी छोड़कर थाने आना पड़ा ।ऋषि राजभर ने बताया कि दबंग पड़ोसी व पटीदार झगड़ालू किस्म के हैं। उन्होंने 1 दिन पूर्व तथा आज हम लोगों को धमकी दी है की बरात आने पर रंग में भंग डाला जाएगा। जिससे हम लोग काफी सशंकित हैं। बहरहाल पीड़ित ने थाने पर प्रार्थना पत्र के माध्यम से सुरक्षा की गुहार लगाई है।