विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में आठ जिलों के 327 बूथों पर स्नातक तो 123 पर शिक्षक एमएलसी के लिए मतदान शुरू

By Ashok Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 23 Oct 2026 10:36 AM (IST)

वाराणसी खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हो गया, जिसमें आठ जिलों के 3.23 ...और पढ़ें

वाराणसी एमएलसी चुनाव: आठ जिलों में स्नातक-शिक्षक सीटों पर मतदान शुरू।

वाराणसी एमएलसी चुनाव: आठ जिलों में स्नातक-शिक्षक सीटों पर मतदान शुरू।

HighLights

  1. वाराणसी खंड एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू।

  2. आठ जिलों में 3.23 लाख से अधिक मतदाता करेंगे वोट।

  3. मतगणना 27 अक्टूबर को पहड़िया मंडी में होगी।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। विधान परिषद की वाराणसी खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी निर्वाचन के शुक्रवार को मतदान शुरू हुआ। सुबह आठ बजे से शुरू हुआ मतदान शाम चार बजे तक चलेगा।

इस चुनाव में सोनभद्र, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, भदोही, वाराणसी, मीरजापुर, चंदौली के कुल 323447 स्नातक व शिक्षक मतदाता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें स्नातक के लिए 288548 और शिक्षक के 34899 मतदाता हैं।

सभी आठ जिलों में स्नातक के लिए 327 और शिक्षक एमएलसी पद के लिए 123 बूथ पर मतदान हो रहा है। इसमें वाराणसी जनपद में स्नातक के लिए 81 और शिक्षक के लिए 21 बूथ बने हैं। मतदान के बाद सभी आठ जिलों से बैलेट बाक्स लाकर पहड़िया स्थित स्ट्रांग रूम में रखे जाएंगे।

एमएलसी चुनाव के लिए छह अक्टूबर तक आयुक्त कार्यालय में नामांकन की प्रक्रिया हुई थी। पर्चे की जांच के बाद स्नातक के 24 और शिक्षक पद के लिए 10 प्रत्याशी मैदान में बचे। इसमें किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया था।

इसमें स्नातक के लिए सपा के आशुतोष सिन्हा, भाजपा के केदार नाथ सिंह और शिक्षक पद के लिए सपा के लाल बिहारी यादव और भाजपा के डा. प्रमोद मिश्रा प्रमुख रूप से चुनाव मैदान में हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को पहड़िया मंडी स्थित हाल में होगी।

मतगणना के लिए तैयारी
मतदान के बाद मतगणना के लिए पहड़िया स्थित मंडी के हाल में तैयारियां तेज हो गईं हैं। स्नातक और शिक्षक के लिए अलग-अलग हाल में 15-15 टेबल लगाए जा रहे हैं। इसमें 14-14 पर मतगणना और एक-एक पर आरओ गणना का काम करेंगे। साथ ही एक अन्य हाल में पर्यवेक्षक, निर्वाचन अधिकारी, कंप्यूटर टीम आदि के लिए टेबल लगाए जाएंगे।