ईवीएम में गड़बड़ी से परेशान रहे मतदाता, घनघनाने लगे अफसरों के मोबाइल व कंट्रोल रूम के फोन
वाराणसी और चंदौली लोकसभा सीट के शिवपुर व अजगरा विधानसभा क्षेत्र में मतदान शुरू होने के साथ बूथों पर ईवीएम में आई गड़बड़ी के चलते एक से दो घंटे चुनाव प्रक्रिया बाधित रहा।
वाराणसी, जेएनएन। वाराणसी और चंदौली लोकसभा सीट के शिवपुर व अजगरा विधानसभा क्षेत्र में मतदान शुरू होने के साथ बूथों पर ईवीएम में आई गड़बड़ी के चलते एक से दो घंटे चुनाव प्रक्रिया बाधित रहा। निर्वाचन आयोग का बना कंट्रोल रूम गूंज उठा। चहुंओर से ट्रीन..., ट्रीन... की घंटी के साथ ही शिकायतें आने लगीं। अफसरों के मोबाइल भी घनघनाने लगे। ईवीएम में गड़बड़ी के चलते जिला प्रशासन के हाथ-पांव फूलने लगे। सहायक रिटर्निंग अफसरों और सेक्टर मजिस्ट्रेट बूथों पर पहुंचने लगे। वहीं, ईवीएम की खराबी से नाराज लाइन में खड़े मतदाता विरोध जताने के साथ हंगामा करने लगे। नाराज कई मतदाता मतदान करने की बजाय लौट गए। कुछ तो मतदान करने दोबारा नहीं है।
अगस्त कुंडा स्थित इंदिरा गांधी स्कूल में बिजली नहीं होने से अंधेरा होने के कारण मतदान बाधित रही। बूथ नंबर 228 में ईवीएम गड़बड़ थी। डाफी में एक ईवीएम, पूर्व माध्यमिक विद्यालय शिवपुर बूथ नंबर 43 की ईवीएम, शिवपुर में बूथ नंबर 42 का ईवीएम, बूथ संख्या 228 व 229 का ईवीएम खराब रही। रोहनिया के जगतपुर बूथ नंबर 114 का ईवीएम, भरथरा गांव के बूथ संख्या 56 ईवीएम खराब होने से करीब 40 मिनट विलंब से मतदान शुरू हुआ। यहीं के बूथ संख्या 123 में कन्या पाठशाला नगर पंचायत गंगापुर में 15 मिनट मतदान बाधित रहा। बूथ संख्या 166 और छावनी क्षेत्र में बूथ संख्या 50 बूथ नंबर 229 की ईवीएम खराब होने से 55 मिनट देर से मतदान शुरू हुआ। बीएचयू में भाग संख्या 337 पर 45 मिनट देरी से मतदान शुरू हुआ। मार्डन बूथ प्राथमिक विद्यालय खोजवां में ईवीएम खराब होने से आधे घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। छावनी के बूथ संख्या 222 पर कंट्रोल यूनिट खराब होने पर उसे बदलने के बाद मतदान एक घंटे देरी से शुरू हुआ। उत्तरी विस क्षेत्र के बूथ संख्या 167 का ईवीएम, बूथ संख्या 166 और छावनी के बूथ संख्या 50 का ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित रहा। अजगरा बूथ संख्या 356 पर सुबह आठ बजे तक तकनीकी दिक्कत के चलते मतदान शुरू नहीं हो सका। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 252 पर मतदान शुरू होने से कुछ देर बाद ईवीएम खराब हो गई। बूथ संख्या 228 पर एक घंटे से ज्यादा देर तक ईवीएम खराब रही। डाफी में बूथ संख्या 223 में ईवीएम खराब होने से सवा घंटे तक मतदान बाधित रहा। शिवपुर में गुरुनानक खालसा बूथ पर भाग संख्या चार और पांच में ईवीएम खराब होने से कई लोग बिना मतदान के लौटे। नगर निगम मतदान केंद्र पर बूथ संख्या 47 पर ईवीएम एक घंटा खराब रहा।
मंडुआडीह प्राथमिक विद्यालय पर बूथ संख्या 272 पर मतदान काफी धीमी गति से पड़ रहा था। मतदाता अरविंद सोनकर ने सेक्टर मजिस्ट्रेट डीडी प्रसाद से शिकायत की कि कार्मिकों की कम संख्या होने के चलते मतदान धीमी गति से चल रहा है।
मॉक पोल के बाद बदले ईवीएम
मतदान शुरू होने से पहले सुबह छह से सात बजे तक मॉक पोल हुआ। इस दौरान अजगरा विस के बूथ संख्या 333 पर बीयू बदला गया। ऐसे ही बूथ संख्या 54, 68, 131, 182, 235, 349, 20 पर कंट्रोल यूनिट बदला गया। बूथ संख्या 84, 100, 123, 310, 314, 191, 120, 242, 85 पर वीवीपैट मशीन बदली गई। रोहनिया के बूथ संख्या 202, 206, 14 में बीयू बदला गया। बूथ संख्या 56, 391 में सीयू बदला गया। बूथ संख्या 60, 223, 225, 327 में वीवीपैट मशीन बदली गई। मॉक पोल के दौरान कुल 15 बीयू, 15 सीयू और 30 वीवीपैट मशीन बदला गया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप