सपा नेता की गुंडई वायरल, महिलाओं की लाठियों से पिटाई, पार्टी से निकाला गया
ब्लाक प्रमुख दीपचंद्र सोनकर के ललकारने पर रास्ते के विवाद को लेकर महिलाओं की सरेआम पिटाई का वीडियो वॉयरल होने से किरकिरी होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
जौनपुर, जेएनएन। एक सप्ताह पूर्व करंजाकला के ब्लाक प्रमुख दीपचंद्र सोनकर के ललकारने पर रास्ते के विवाद को लेकर महिलाओं की सरेआम पिटाई का वीडियो वॉयरल होने से किरकिरी होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। शुक्रवार को दीपचंद्र सोनकर समेत पांच के खिलाफ सरायख्वाजा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपितों में एक दीपचंद्र सोनकर सूबे के पूर्व मंत्री मछलीशहर के सपा विधायक जगदीश सोनकर का छोटा भाई है। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सपा नेता की गुंडई की खबर वायरल होने के बाद मारपीट के आरोपित ब्लाक प्रमुख को सपा से निष्कासित कर दिया गया है। इसकी पुष्टि पार्टी जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव ने देर रात की।
महिलाओं को नहीं मिला न्याय: सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के ककोर गहना गांव में गत 14 दिसंबर को जमीन व रास्ते के विवाद को लेकर महिलाओं को सरेआम दौड़ा कर लाठी-डंडे से पीटा गया था। थाना पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली थी। इससे असंतुष्ट पीडि़त महिलाओं ने शनिवार को जिलाधिकारी दफ्तर के सामने धरना दिया था। देर शाम तक जिलाधिकारी से भेंट न हो पाने पर वापस लौट गईं थीं।
वायरल हुआ वीडियो : गुरुवार की रात पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में वॉयरल हो गया। इसमें साफ दीपचंद्र सोनकर के ललकारने पर उनके गुर्गे लाठी लेकर खेतों में महिलाओं को दौड़ाकर पीटते देखे जा सकते हैं। इससे महकमे की किरकिरी होने पर पुलिस उच्चाधिकारियों की तंद्रा भंग हुई। पीडि़ताओं में से एक पुष्पा देवी की तहरीर पर दीपचंद्र सोनकर समेत पांच के खिलाफ बलवा, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी व क्रिमिनल लॉ एमेंडमेंड एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपितों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस की भूमिका की भी जांच : पुलिस अधीक्षक दिनेश पाल सिंह ने बताया कि महिलाओं पर अत्याचार से संबंधित इस मामले में थाना पुलिस की भूमिका की भी जांच होगी। पुलिस उपाधीक्षक (सदर) विनय कुमार द्विवेदी को जांच सौंपी गई है। दोषी पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।