बलिया में जल जमाव के बीच रहने को मजबूर वीआइपी कालोनीवासी, प्रशासन व जनप्रतिनिधि का नहीं ध्यान
बलिया शहर के आधा दर्जन वीआइपी कालोनियां इस समय पानी निकासी की समस्या से जूझ रही है। लोगों ने प्रशासन व जनप्रतिनिधि तक कई बार दस्तक दी लेकिन कोई फायदा नहीं हो सका।
बलिया, जेएनएन। शहर के आधा दर्जन वीआइपी कालोनियां इस समय पानी निकासी की समस्या से जूझ रही है। इसका निदान इतने दिन बाद भी नहीं होने से लोगों के सामने अब कई तरह की दिक्कत आने लगी है। कुछ ने तो जलजमाव के कारण अपना मकान छोड़कर किराए के मकान में रहने को मजबूर हो गए है।
इस साल की बारिश के मौसम की शुरूआत से इन कालोनियों में जल जमाव हुआ, वह अभी तक बरकरार है। इससे निजात पाने के लिए इन कालोनियों में रहने वाले लोगों ने प्रशासन से लेकर जनप्रतिनिधि तक के दरबार में कई बार दस्तक दी लेकिन कोई फायदा नहीं हो सका। अब वह गांव से आकर शहर में मकान बनाने पर पछता रहे है। आलम यह है कि घुटने तक पानी लग जाने के कारण लोगों को अपने घरों तक जाने के लिए बांस का पुल बनाना पड़ा। वहीं कई मकानों के निचले वाले हिस्से में पानी भर गया है। जब थोड़ा पानी कम होता है तब तक बारिश इस समस्या को और जटिल कर दे रही हैं। सबसे ज्यादा खतरा सांप, बिच्छू से है। वे अक्सर पानी के कारण ऊंची बिल्डिंगों पर पहुंच जा रहे है।
श्रीराम बिहार कालोनी में बरसात के शुरू होते ही जो जल जमाव शुरू हुआ वह आज तक कायम है। लोग पानी के बीच रहने को मजबूर हो गए है। कई लोग इस पानी में गिर कर घायल भी हो चुके है। शिव बिहार कालोनी तिखमपुर सब्जी मंडी के इर्द-गिर्द की कालोनी में रहने वालों को सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। नाला न होने के कारण पानी निकासी की समस्या जटिल हो गई है। इस कालोनी के लोगों ने स्वयं से नाला बनाने का काम शुरू कर दिए है। आवास विकास कालोनी की हालत सबसे खराब है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात तो दूर अन्य महिनों में दिक्कत उठानी पड़ती है। प्रशासन इस कालोनी की पानी निकासी की व्यवस्था का इंतजाम आज तक नहीं कर सकी है। जीराबस्ती शिव नगर में ऊंची इमारतों में जाने के लिए आपको बांस के पुल के सहारे ही जाना पड़ेगा। वहीं इन क्षेत्रों में छोटी नाव के माध्यम से लोग अपने घरों तक आते-जाते है।
कुछ कालोनियों में पानी निकासी की समस्या जटिल हो गई है
कुछ कालोनियों में पानी निकासी की समस्या जटिल हो गई है। इन क्षेत्रों में बड़ा नाला बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जल्द ही इस समस्या का निदान हो जाएगा।
-दिनेश कुमार विश्वकर्मा, ईओ, नगर पालिका परिषद बलिया।