डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा के विजय संकल्प बाइक रैली में लिया हिस्सा
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या अपने एक दिनी दौरे पर शनिवार सुबह वाराणसी पहुंचे। लखनऊ से सुबह वह वाराणसी रवाना हुए और दोपहर 12 बजे सर्किट हाउस पहुंचे।
वाराणसी, जेएनएन। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अपने एक दिनी दौरे पर शनिवार सुबह वाराणसी पहुंचे। लखनऊ से सुबह वह वाराणसी रवाना हुए और दोपहर 12 बजे सर्किट हाउस पहुंचे। सर्किट हाउस से निकल कर उन्होंने विजय संकल्प बाइक रैली में भी हिस्सा लिया। दोपहर बाद वह पार्टी पदाधिकारियों और विकास कार्यों की बाबत जिले के आला अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। शाम चार बजे वापस वह लखनऊ लौट जाएंगे।
इससे पूर्व शनिवार की दोपहर भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम सड़क पर उतरा और भाजपा के मिशन 2019 के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए बाइक रैली निकाली। भाजपा के इस विजय संकल्प बाइक रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं संग भाजपा के पदाधिकारियों ने भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। रवींद्रपुरी स्थित प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय से भी इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने रैली निकाल कर पार्टी की जीत आगामी लोकसभा में सुनिश्चित करने के लिए हुंकार भरी।
यातायात नियमों का उल्लंघन
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार भारतीय जनता पार्टी की चुनावी तैयारियों के क्रम में शनिवार को पूर्वांचल के सभी विधानसभा क्षेत्रों में हर ओर से कमल बाइक रैली का आयोजन किया गया था। देश व प्रदेश में सत्तारूढ़ व जिम्मेदार होने के बावजूद खुद को सबसे अलग कहने वाले इस दल के कार्यकर्तआें ने रैली के दौरान जमकर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई। प्रत्येक रैली में सैकड़ों मोटर साइकिलें शामिल रहीं। उन पर तीन सवार बेरोक-टोक तो बैठे ही थे, हेलमेट शायद ही किसी ने पहन रखा हो। जबकि इस रैली में अनेक स्थानों पर जिम्मेदार नेता खुद भी शामिल थे, कहीं विधायक, मंत्री तो कहीं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी। परंतु किसी ने भी कार्यकर्ताओं को टोकने की जहमत नहीं उठाई।
मऊ में जनपद मुख्यालय पर विधानसभा सदर के लिए निकली कमल बाइक रैली को ख्वाजाजहांपुर स्थित शहीद सुदामा राजभर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सांसद हरिनरायन राजभर व लोकसभा संयोजक डा. एचएन सिंह ने पार्टी का झंडा दिखाकर रवाना किया। इसमें शामिल सैकड़ों बाइकर्स में गिने-चुने कार्यकर्ता ही हेलमेट लगाए थे, जबकि एक मोटर साइकिल पर तीन सवारों की भी कोई कमी न थी। कार्यकर्ताओं का यह काफिला यातायात पुलिस को अंगूठा दिखाता हुआ, पूरे नगर का भ्रमण करते हुए बढ़ुआगोदाम, कहिनौर होते हुए ग्रामीण अंचलों की ओर निकल गईं। चिरैयाकोट में विधायक मुहम्मदाबाद गोहना श्रीराम सोनकर व जिलाध्यक्ष दुर्गविजय राय ने पूर्व मंत्री विप सदस्य यशवंत सिंह के आवास के सामने से कमल बाइक रैली को रवाना किया, वहां भी तीन सवारी व बिना हेलमेट के कार्यकर्ताओं का काफिला निकला। दोहरीघाट, मधुबन व घोसी से निकली रैलियों में भी यातायात नियमों की धज्जियां सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ता उड़ाते दिखे।