विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में 200 करोड़ की लागत से बनेगी सड़कें, सीवर और नाली का भी होगा निर्माण

Published: Thu, 01 Oct 2026 08:07 PM (IST)

वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने नवंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच 500 करोड़ रुपये से अधिक की रिकॉर्ड आय अर्जित की है।

200 करोड़ से शहर में बनेंगे सड़क।

200 करोड़ से शहर में बनेंगे सड़क।

HighLights

  1. वीडीए ने 500 करोड़ रुपये से अधिक की रिकॉर्ड आय दर्ज की।

  2. 200 करोड़ रुपये वाराणसी की मूलभूत सुविधाओं पर खर्च किए जाएंगे।

  3. 11 माह में 1952 भवनों के नक्शे स्वीकृत, 39 होटल के भी।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण ने नवंबर-2025 से सितंबर-2026 के बीच 500 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई है। प्राधिकरण में अब तक की सबसे अधिक आय है। पूर्व के वर्षोें में करीब 120 करोड़ रुपये की आय होती थी।

11 माह में ही यह राशि चार गुना से अधिक पहुंच गई। आय बढ़ने के पीछे अवैध निर्माण को रोकने के साथ भवनों के नक्शे स्वीकृत करने और पुराने भवनों का शमन शुल्क कर नियमित करने से मिली।

500 करोड़ में से 200 करोड़ रुपये शहर के सड़क, जल निकासी, पार्क, स्ट्रीट लाइट समेत मूलभूत सुविधाओं में खर्च होंगे। वीडीए ने 11 महीनों में 1952 भवनों के नक्शे पास किए। इनमें 879 नए भवनों के नक्शे और 1073 पुराने भवनों को नियमित हुए।

काशी में पर्यटन और कारोबार बढ़ने के साथ होटल निर्माण की गतिविधियां तेज हुई हैं। 39 होटल के नक्शे पास हुए। पुराने होटलों के विस्तार की योजनाएं भी शामिल हैं। इनसे करीब 1900 नए कमरे बढ़ेंगे।

इनमें हाली डे इन, ताज गेटवे, पुलमैन, आईटीसी वेलकम, नोवोटेल, जिंजर, सेंटरम होटल, होटल मोमेंटस, सरोवर पोर्टिको और लेमन ट्री जैसे प्रमुख होटल समूह शामिल हैं।

22 आवासीय योजनाओं में बनेंगे 2283 घर

शहर में बढ़ती आवासीय जरूरत को देखते हुए 22 सामूहिक आवास योजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। इनमें शालीमार स्काइलाइन, वाटिका डेवलपर्स, एनआइपी हाउसिंग, देवभूमि इन्फ्रा, रुद्रा समूह, फ्लोरिट कंस्ट्रक्शन, जीडीएसी बिल्डकान, त्रिदेव पैराडाइज, स्वास्तिक और गणपति समूह शामिल हैं। इनसे कुल 2283 आवासीय इकाइयां बनाई जाएंगी। इसके अलावा 93 भू-विन्यास योजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।

प्राधिकरण को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं पर 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए जल्द प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। इससे पहले सर्वे कराया जा रहा है कि कहां-कहां विकास कार्य की जरूरत है। -पुर्ण बोरा, उपाध्यक्ष, वीडीए।