विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में चक्रवात में फंसी ब‍िजली व‍िभाग की गर्दन, आंधी-बारिश में बत्ती गुल, अंधेरे में डूबे इलाके तो कारोबार भी चौपट

By pandey jayprakash(01) Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 26 Sep 2026 12:31 PM (IST)

तेज हवा और बारिश के कारण वाराणसी में बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई, जिससे कई इलाकों में घंटों तक आपूर्ति ...और पढ़ें

वाराणसी में आंधी-बारिश से बिजली गुल, कई इलाके अंधेरे में डूबे, जनजीवन प्रभावित।

वाराणसी में आंधी-बारिश से बिजली गुल, कई इलाके अंधेरे में डूबे, जनजीवन प्रभावित।

HighLights

  1. तेज हवा और बारिश से वाराणसी की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हुई।

  2. तार टूटने और फाल्ट के कारण कई क्षेत्रों में आपूर्ति ठप।

  3. बारिश ने मरम्मत कार्यों में बाधा डाली, परेशानी शनिवार तक रही।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। तेज हवा और बारिश ने जिले की बिजली व्यवस्था ध्वस्त दी। जगह-जगह तार टूटने, खंभों से जंफर और ट्रांसफार्मरों के डीओ उड़ने से आपूर्ति ठप हो गई। कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही तो कुछ क्षेत्र रातभर अंधेरे में डूबे रहे। बारिश के बीच फाल्ट ठीक करने में जुटे लाइनमैनों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

शाम को तेज हवा और बारिश के चलते मौसम बिगड़ते ही बिजली लाइनों में फाल्ट आने लगे। तेज हवा से कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां लाइनों पर गिर गईं, जिससे तार टूट गए। कहीं खंभों से जंफर उड़ गए तो कहीं ट्रांसफार्मरों के डीओ उड़ने से आपूर्ति बंद करनी पड़ी। इससे कई क्षेत्रों के साथ आसपास के इलाकों में भी बिजली संकट गहरा गया।

बारिश बनी मरम्मत में बाधा, घंटों इंतजार
लगातार बारिश और जलभराव के कारण विद्युतकर्मियों को खराबी वाले स्थानों तक पहुंचने में दिक्कत हुई। सुरक्षा के मद्देनजर कई जगह तत्काल मरम्मत संभव नहीं हो सकी। मौसम में सुधार के बाद टीमों ने पेट्रोलिंग कर फाल्ट चिह्नित किए और मरम्मत शुरू की। लंबी कटौती के चलते कई क्षेत्रों में देर रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।

सुबह ब‍िजली आई पानी नहीं

सुबह नदेसर सह‍ित कुछ क्षेत्रों में नौ बजे के बाद ब‍िजली तो आई लेक‍िन पानी बरसने के साथ ही पानी आपूर्त‍ि नहीं हो सकी। कई जगहों पर लोग हैंडपंप की ओर रुख करते नजर आए। मौसम व‍िभाग के साथ ही जलकल और ब‍िजली व‍िभाग की गर्दन भी चक्रवात में फंसी रही लेक‍िन आम नागर‍िकों की दुश्‍वारी शन‍िवार की दोपहर बाद तक दूर नहीं हो सकी। 

यहां रही आपूर्ति बाधित
लंका, सुंदरपुर, मंडुवाडीह, लोहता, लहरतारा, कैंट, छावनी परिषद, शिवपुर, हरहुआ, तरना, पांडेयपुर, बेला रोड, अशोक विहार कालोनी, आशापुर, सारनाथ, चिरईगांव, चौबेपुर, जाल्हूपुर, चोलापुर आदि।