Varanasi Weather Update : हल्की धूप और बादलों से मौसम सुहाना बना रहेगा, बरसात की संभावना नहीं
Varanasi Weather Update मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को बादलों की उपस्थिति आंशिक हो सकती है। धूप-छांव का मौसम बना रहेगा। कहीं-कहीं गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। 24-26 किमी प्रति घंटा के वेग से चल रही पुरवा हवा से वातावरण सुहाना व शीतल है।
वाराणसी, जागरण संवाददाता : मध्य क्षेत्र से लेकर पश्चिम भारत तक बने कम हवा के दबाव के क्षेत्र का प्रभाव शुक्रवार को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश में देखने को मिला। इसके प्रभाव से क्षेत्र में पूरे दिन बादल और हल्दी जैसा सुहाना मौसम बना रहा। इस बीच 24-26 किमी प्रति घंटा के वेग से चल रही पुरवा हवा से वातावरण सुहाना व शीतल बना रहा।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ऊपर 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 24 घंटे में लगभग एक डिग्री सेल्सियस कम होकर सामान्य से 24.5 रहा। इस बीच अधिकतम आर्द्रता 93 प्रतिशत व न्यूनतम 74 प्रतिशत बनी रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को बादलों की उपस्थिति आंशिक हो सकती है। धूप-छांव का मौसम बना रहेगा। कहीं-कहीं गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
द्रोणिका अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर चली गई
बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव बताते हैं कि इस समय मानसून की द्रोणिका के चलते पश्चिम बंगाल से पाकिस्तान तक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। द्रोणिका अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर चली गई है। इसके चलते मध्य भारत से पश्चिम क्षेत्र तक वर्षा होगी। उसके प्रभाव से या स्थानीय कारणों से इस क्षेत्र मेंं कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।