विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी सह‍ित पूर्वांचल में बादलों की व‍िदायी का दौर, इस सप्‍ताह धूप और उमस करेगा असर

By abhishek sharma Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 18 Sep 2026 11:22 AM (IST)

वाराणसी और पूर्वांचल में मौसम का रुख बदल रहा है, जहाँ वातावरण में नमी कम होकर तापमान गिरने लगा है। ...और पढ़ें

वाराणसी और पूर्वांचल में मौसम का बदला मिजाज, गुलाबी ठंड की आहट।

वाराणसी और पूर्वांचल में मौसम का बदला मिजाज, गुलाबी ठंड की आहट।

HighLights

  1. पूर्वांचल और वाराणसी में मौसम का रुख बदल रहा है।

  2. वातावरण में नमी कम हो रही, तापमान में गिरावट शुरू।

  3. कंस के फूल गुलाबी ठंड के आगमन का संकेत दे रहे।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। पूर्वांचल सह‍ित वाराणसी में मौसम का रुख लगातार बदलाव की ओर बना हुआ है। वातावरण में नमी का असर कम होने के साथ ही तापमान में भी कमी के दौर की शुरुआत हो चुकी है। मध्‍य स‍ितंबर में कांस के ख‍िल रहे फूलों ने बता द‍िया है क‍ि अब गुलाबी ठंड की अकुलाहट का दौर शुरू हो चुका है। वातावरण में नमी की मात्रा में कमी का दौर भी अब शुरू होने जा रहा है। 

शुक्रवार की सुबह वातावरण में नमी का स्‍तर भी रहा और बादलों की आवाजाही का रुख भी बना रहा। नदी के किनारे और जल न‍िमग्‍न क्षेत्रों में कुहासा भी बना रहा। हालांक‍ि सुबह नौ बजे के बाद धूप का प्रभाव शुरू हुआ और धूप के असर के साथ ही उमस का असर भी सुबह दस बजे के बाद नजर आने लगा। दोपहर में उमस की वजह से लोगों को पसीने का सामना भी करना पड़ा।

माना जा रहा है क‍ि मौसम का रुख अब बदलाव की ओर हो चला है। सुबह तीन बजे से पांच बजे तक ठंडक का असर भी हो रहा है और आने वाले द‍िनों में गुलाबी ठंडक का असर लोगों को राहत भी देगा। मौसम व‍िभाग ने तीन द‍िनों तक ही इस सप्‍ताह बादलों की आवाजाही का संकेत द‍िया है। इस‍के बाद रात के तापमान में कमी होगी और वातावरण में नमी का असर कम होता जाएगा। 

 

बीते चौबीस घंटों में अध‍िकतम तापमान 33.5°C दर्ज क‍िया गया है जो सामान्‍य से 0.2 डि‍ग्री अध‍िक रहा। न्‍यूनतम तापमान 23.4°C दर्ज क‍िया गया जो सामान्‍य से 1.9 ड‍िग्री कम रहा। इस दौरान 034.4mm तक बार‍िश भी दर्ज की गई है। वहीं आर्द्रता का स्‍तर अध‍िकतम 95% और न्‍यूनतम 83% दर्ज क‍िया गया। माना जा रहा है क‍ि अब बरसात में कमी आ सकती है और आगे तापमान में कमी का दौर और उमस में कमी भी आएगी।