वाराणसी में मुख्य सीवर लाइनों में मिलीं बालू भरी बोरियां, अज्ञात पर दर्ज हुई FIR
वाराणसी की मुख्य सीवर लाइनों में बालू की बोरियां और अन्य सामग्री मिलने से जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई है। ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
वाराणसी की मुख्य सीवर लाइनों में बालू की बोरियां मिलीं।
सीवर जाम होने से कई वार्डों में जलभराव हुआ।
अज्ञात पर शहर की छवि धूमिल करने की साजिश का आरोप।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र की छवि धूमिल करने की विस्मयकारी साजिश सामने आई है। सीवर लाइनों की सफाई में शिवाला, सरायनंदन, नगवा समेत आधा दर्जन वार्डों में मुख्य सीवर लाइनों के भीतर बालू की बोरियां, लकड़ी का बुरादा, पत्थर, प्लाई व प्लास्टिक की सामग्री ठूंसी मिली हैं। इसे किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा माना जा रहा, जिसमें मुख्य मार्ग की सीवर लाइनें जाम कर सहायक गलियों में सीवर का पानी ओवरफ्लो करने लगा।
इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ और जलभराव का दृश्य बना। नगर निगम प्रशासन ने इसे अत्यंत गंभीर मानते हुए अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ भेलूपुर थाने में एफआइआर दर्ज कराई है।जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता (जोन-2) सुधीर वर्मा की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार शिवाला वार्ड संख्या-75 के अंतर्गत कूड़ा घर रत्नाकर पार्क के पास अग्रवाल रेडियो के निकट जलभराव समस्या के निस्तारण के लिए मुख्य सीवर लाइन सफाई के दौरान अत्यधिक मात्रा में बालू से भरी बोरियां पाई गईं।
इसमें उल्लेख है कि अज्ञात लोगों द्वारा मुख्य सीवर लाइन को चोक कर जलकल विभाग व शहर की छवि धूमिल करने की नीयत से यह साजिश रची गई है।महापौर अशोक तिवारी ने बताया कि शुक्रवार रात शिवाला क्षेत्र में सीवर लाइन सफाई के दौरान बालू भरी 12 बोरी निकाली गई।
निगम प्रशासन क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा ताकि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि इस कृत्य के पीछे अवांछनीय तत्वों का हाथ होने की आशंका है। निगम इस साजिश का पर्दाफाश करने में पूरी ताकत से जुटा है। यदि कोई भी व्यक्ति सीवर लाइन या सरकारी परिसंपत्तियों के साथ ऐसी छेड़छाड़ करता दिखे तो तुरंत नगर निगम को सूचित करें।
