विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी उत्तरी विधाय‍क र‍िपोर्ट कार्ड : विकास परियोजनाओं के बीच दो दशक में बसी कालोनियों को सीवर लाइन का इंतजार

By Ashok Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 09 Sep 2026 05:20 PM (IST)

वाराणसी उत्तरी विधायक रवींद्र जायसवाल के रिपोर्ट कार्ड में सड़क निर्माण और मूलभूत सुविधाओं सहित कई विकास कार्य गिनाए गए ...और पढ़ें

वाराणसी उत्तरी विधायक का रिपोर्ट कार्ड विकास और सीवर समस्याओं के बीच।

वाराणसी उत्तरी विधायक का रिपोर्ट कार्ड विकास और सीवर समस्याओं के बीच।

HighLights

  1. विधायक रवींद्र जायसवाल ने कई विकास कार्य कराए हैं।

  2. नई कॉलोनियों में सीवर लाइन की बड़ी समस्या बनी है।

  3. जनता ने विकास और लंबित मुद्दों पर अपनी राय दी।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। विधानसभा क्षेत्र वाराणसी उत्तरी से लगातार तीन बार से रवींद्र जायसवाल विधायक व मुख्यमंत्री योगी मंत्रिमंडल में लगातार स्टांप व पंजीयन राज्य मंत्री हैं। यह विधानसभा क्षेत्र विशेष रूप से शहर के वरुणापार इलाके से जुड़ा है। कचहरी, सर्किट हाउस, अधिकारियों के आवास आदि की वजह से वीवीआइपी क्षेत्र है।

इसी क्षेत्र में फुलवरिया फोर लेन, बाबतपुर फोरलेन, सारनाथ, कचहरी से संदहा, कालीजी मंदिर से आजमगढ़ मार्ग, पांडेयपुर से आशापुर मार्ग आदि पर हुए विकास के बड़े कार्य प्रगति के प्रमाण है। 

मंत्री के कार्यों की भी सूची लंबी है। पिछले वर्षों में पटेल नगर कालोनी, बुद्धा सिटी वरुणा पुल, स्वास्तिक गार्डेनियां, भुवनेश्वर नगर कालोनी, टैगोर कालोनी, विंध्यवासिनी नगर, इंद्रा नगर, प्रशांतपुरी, बैंक कालोनी, आनंद नगर कालोनी, राज राजर्षि नगर, गणपतनगर, लोहिया नगर, महादेवनगर, अशोक विहार, सारंगतालाब, इंद्रपुरी, चित्रगुप्तनगर, काशी इनक्लेव, सतसंग नगर, गीतानगर ब्रह्मर्षिनगर, हरिनरायन विहार, बुद्धानगर सारनाथ, यमुना नगर, तरना, हंसनगर, राजघाट, अकथा, दनियालपुर, शैलपुत्री, जलालीपुरा, जदीद बाजार, राजाबाजार, पहड़िया आदि स्थानों पर मूलभूत जरूरतों को पूरा किया गया है।

विधायक की निधि व प्रयास से प्रकाश व्यवस्था, सोलर लाइट, इंटरलाकिंग, आरसीसी रोड, पार्क सुंदरीकरण, नाली, सीवर, जल निकासी आदि के सैकड़ाें कार्य हुए। इसके विपरीत पिछले दो दशक में नई बसी कालोनियों में सीवर लाइन की बड़ी समस्या बनी है। इस वजह से कालोनियों की सड़कें टूटी हैं। तिब्बती संस्थान से नवापुरा होते गंज तक जाने वाली सड़क पर अनमोल नगर, बुद्धा सिटी फेज वन व टू कालोनियां बसी हैं।

अधिकतर में सीवर लाइन नहीं है। बुद्धा सिटी कालोनी सड़क, सीवर, जल निकासी की मूलभूत समस्या से जूझ रही है। घुरहूपुर में सड़क टूटी है। लगातार बढ़ती आबादी की वजह से तेलियाबाग, कैंट क्षेत्र की भी पुरानी सीवर व्यवस्था नहीं झेल पा रही। दनियालपुर में प्रकाश व्यवस्था की मांग है। पुलकोहना, दनियालपुर नाले से वरुणा में गिर रहे लाने से कई कालोनियों के लोग प्रभावित होते हैं।

पागलखाना के बगल में स्थित तालाब का हल नहीं निकला। महावीर मंदिर से टकटकपुर होते बसहीं तक दो किलोमीटर सड़क पर दो हजार गड्ढों में लोग वर्षों से जाने को विवश हैं। शिवपुर के लोगों की वर्षों पुरानी मांग रेलवे ओवरब्रिज और पांचों पंडवा से नार्मल स्कूल तक सड़क चौड़ीकरण की मांग लोगों को मंत्री से है। यहां सुबह नौ से रात आठ बजे तक जाम लगा रहता है। तरना रेलवे फाटक के पास दलित बस्ती में पेयजल की समस्या को दूर होने जैसी कई समस्याओं के दूर होने के इंतजार में है।

बोले व‍िधायक
विधानसभा क्षेत्र विकास निधि से मैंने लगभग 19.9 करोड़ रुपये की लागत से कार्य स्वीकृत किया। सात वार्ड में 60 कालोनियों, मोहल्लों में नई सीवर लाइन का कार्य 23.86 करोड़ रुपये से शुरू कर दिया गया है। इसी प्रकार मवईया तिराहे से हवेलिया चौराहे तक रोड, सिंगपुर से अरिहंतनगर होते हुए बुद्धा सिटी मार्ग, घुरहूपुर राजभर बस्ती तक सड़क, चौकाघाट लकड़ी मंडी से संस्कृत विश्वविद्यालय तक, आशापुर म्यूजियम मार्ग, बुद्धा थीम पार्क से रिंगरोड तक, हुकुलगंज-पांडेयपुर मार्ग, परशुरामपुर मार्ग, अनमोलनगर में नवनिर्माण के कार्य समेत सैकड़ों कार्य कराए गए हैं। मैंने पूर्वांचल विकास निधि, लोक निर्माण विभाग, अवस्थापना निधि, डूडा आदि के माध्यम से क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं को दूर करने का पूरा प्रयास किया है। -रवींद्र जायसवाल-विधायक शहर उत्तरी।

बोले रनर

रवींद्र जायसवाल यहां से 15 साल से विधायक हैं। बावजूद उनको सीवर की समस्या तब याद आई जब चुनाव आया है। धड़ाधड़ शिलान्यास कर रहे हैं। इसमें भी भेदभाव देखने को मिलता है। जहां भाजपा के पार्षद हैं वहां तो कार्य दिखता है जहां विपक्षी पार्षद और कुछ खास धर्म जाति के लोग हैं वहां की समस्याओं की अनदेखी हो रही है। स्मार्ट सिटी के नाम पर खराब कार्य कर धन की बंदरबांट हो रही है। अनियोजित विकास इस सरकार की पहचान बन गई है। -असफाक अहमद डब्लू-उपविजेता।

बोली जनता

मंत्री ने कई उत्कृष्ट कार्य किए गए हैं। इंग्लिशिया लाइन क्षेत्र में बरसात के दिनों में गंदा पानी आपूर्ति, टूटी गली, पेयजल व सीवर लाइन को दुरुस्त करने की जरूरत है। क्षेत्र में अवैध होटल गेस्ट हाउस बड़ी समस्या हैं। -विशाल सिंह-इंग्लिशिया लाइन।

उम्मीद थी कि शिवपुर रेलवे फाटक पर लगने वाली जाम की समस्या आरओबी बनने के बाद दूर हो जाएगी। ऐसा नहीं होने से लोगों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। विधायक कई बार इसके निराकरण की भी बात कह चुके हैं। -प्रदीप कुमार मौर्य, शिवपुर।

महावीर मंदिर-बसहीं मार्ग 2017 में बना। उसके बाद कोई कार्य नहीं होने से चार पहिया वाले महावीर मंदिर भोजूबीर होकर बसहीं जाते हैं। इस मार्ग से जाने वाली एक दर्जन छोटी-बड़ी कालोनी के लोग परेशान हैं। -चिरंजीव चौरसिया-टकटकपुर।

सारनाथ इलाके में काफी विकास हो रहा है लेकिन चारों तरफ विकसित हुई कालोनियों में सीवर की समस्या बनी हुई है। जल जमाव से सड़कें टूट जाती हैं। कई कालोनियों ने स्ट्रीट लाइट नहीं है। खजुही में भी जल निकासी समस्या है। -अजय कुमार पांडेय-सारनाथ।

वाराणसी उत्तरी विधानसभा क्षेत्र

कुल मतदाता--238698
पुरुष मतदाता--200944
महिला मतदाता--439685