Varanasi News: लुंगी से गला घोटकर की गई थी इकराम की हत्या, पत्नी संग अवैध संबंध से नाराज था हत्यारोपी
घटना के बारे में जानकारी देते हुए काशी जोन के डीसीपी आरएस गौतम ने बताया कि 27 जनवरी को कमलगढहा के एक मकान के दूसरे तल पर मो. इकराम उर्फ छोटक का शव मिला था। उसकी हत्या गला घोंटकर की गई थी।
वाराणसी, जागरण संवाददाता: अवैध संबंध के चलते जैतपुरा थाना क्षेत्र के कमलगढहा निवासी इकराम की हत्या हुई थी। क्षेत्र के रहने वाले हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने राजफाश करते हुए उसे जेल भेज दिया।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए काशी जोन के डीसीपी आरएस गौतम ने बताया कि 27 जनवरी को कमलगढहा के एक मकान के दूसरे तल पर मो. इकराम उर्फ छोटक का शव मिला था। उसकी हत्या गला घोटकर की गई थी। इस मामले की जांच कर रही जैतपुरा पुलिस जानकारी मिली कि हत्यारोपी नुरुल हसन उर्फ बाबू कुरैशी अपने घर पर मौजूद है।
थाना प्रभारी मथुरा राय ने गुरुवार को हेड कांस्टेबल दिलशाद खां व अन्य पुलिसकर्मिंयों के साथ घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ में बताया कि मुगलसराय के दुल्हीपुर में मीट बेचता है। 26 जनवरी को अपने घर पर ही था। रात में पत्नी बच्चों के साथ भोजन करने के बाद वह रात 11 बजे पान खाने निकल गया।
थोड़ी देर बाद लौटा तो देखा कि मकान से सटे चाचा के छत पर इकराम मेरी पत्नी के साथ सोया था और दोनों आपस में बात कर रहे थे। इस बारे में पूछने पर इकराम ने कहा कि उन दोनों के बीच काफी दिनों से संबंध है। इस पर में अपना आपा खो दिया और उसे मारने लगा। धक्का देकर गिराने के बाद उसकी ही लुंगी से गला घोटकर मार डाला और भाग गया।
हत्यारोपी को बचाती रही पत्नी
थाना प्रभारी मथुरा राय के अनुसार नुरुल हसन ने इकराम की हत्या पत्नी के सामने किया था। इसके बाद वह घर से भाग निकला। शव मिलने के बाद पुलिस ने नुरुल के बारे में उसकी पत्नी से पूछताछ की तो जानकारी नहीं दी। उसके दुल्हीपुर में दुकान पर होने की बात ही कहती रही। घटना के कई दिनों तक गायब रहने पर पुलिस का उस पर शक गहरा होता गया। गिरफ्तार के बाद उसने हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस ने बनाए रखी नजर
नुरुल की पत्नी ने पुलिस को बताया था कि घटना के दिन भी वह दुकान पर ही था। आसपास के लोगों से जानकारी मिली थी कि वह रात में क्षेत्र में दिखाई दिया था। पुलिस दुल्हीपुर में दुकान पर पहुंची तो वहां भी नहीं था। उसे पकड़ने के लिए दोनों जगहों पर नजर जमाए हुए थी।