वाराणसी में गंगा का जलस्तर स्थिर पर मुश्किलें बरकरार, तटीय इलाकों में बाढ़ का संकट; नाव संचालन पर रोक
गंगा का जलस्तर स्थिर होने के बावजूद वाराणसी के तटीय इलाकों और घाटों पर बाढ़ का असर जारी है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, वाराणसी। गंगा का जलस्तर लगातार बढ़त के बाद अब स्थिर हो गया है, लेकिन तटीय इलाकों और घाटों पर बाढ़ के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त बना हुआ है।
केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को गंगा का जलस्तर 68.26 मीटर दर्ज किया गया। बाढ़ के विकराल रूप के कारण दशाश्वमेध घाट स्थित जल पुलिस चौकी पूरी तरह जलमग्न हो चुकी है और पानी घाट की ऊपरी सीढ़ियों तक पहुंच गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने नाव संचालन पर अगले आदेश तक पूरी तरह रोक लगा दी है। स्थानीय नाविकों के अनुसार नावों का परिचालन बंद होने से नौका विहार पूरी तरह ठप है।
जल पुलिस प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि सावन माह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जलमग्न घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है और लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को गहरे पानी में न जाने की चेतावनी दी जा रही है।
किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें सभी तटवर्ती इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें- काशी में 84 घाट डूबे, बेगूसराय में बाढ़ की स्थिति... यूपी से बिहार-केरल तक आज कहां-कहां बारिश का अलर्ट
