विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रात में और अलौकिक दिखेगी काशी, फसाड लाइटिंग से रोशन होंगे प्रमुख धाम

Published: Sun, 26 Jul 2026 10:21 AM (IST)

काशी के 20 प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर 16.93 करोड़ रुपये की लागत से फसाड लाइटिंग की जाएगी, जिससे ...और पढ़ें

काशी विश्वनाथ मंदिर। जागरण

काशी विश्वनाथ मंदिर। जागरण

HighLights

  1. 16.93 करोड़ रुपये की लागत से 20 स्थलों पर फसाड लाइटिंग।

  2. भारत माता मंदिर, अस्सी घाट सहित प्रमुख स्थल होंगे रोशन।

  3. पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, काशी की विरासत चमकेगी।

अरुण कुमार मिश्र, वाराणसी। काशी के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को रात के समय और अधिक आकर्षक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के विद्युत वृत्त ने 16.93 करोड़ रुपये की लागत से वाराणसी के प्रमुख मंदिरों, घाटों और पर्यटन स्थलों पर फसाड लाइटिंग कराने के लिए अल्पकालीन ई-निविदा जारी की है। इस परियोजना के तहत भारत माता मंदिर, दुर्गा मंदिर, काल भैरव मंदिर, संकट मोचन, अन्नपूर्णा मंदिर, अस्सी घाट, पंचगंगा घाट, दशाश्वमेध घाट समेत 20 प्रमुख स्थलों को आधुनिक रोशनी से सजाया जाएगा।

कार्य पूरा करने की अवधि 12 माह निर्धारित की गई है। ई-निविदा डाउनलोड 27 जुलाई से शुरू होगी, जबकि सात अगस्त 2026 को तकनीकी बोली खोली जाएगी। कार्य यूपीपीडब्ल्यूडी, सीपीडब्ल्यूडी और पर्यटन विभाग की अद्यतन विशिष्टियों के अनुरूप कराया जाएगा।

परिषद ने निर्माण एजेंसी के लिए गुणवत्ता को लेकर भी कड़े प्रविधान किए हैं। कार्य में प्रयुक्त सभी सामग्रियों की तीन वर्ष तथा फसाड लाइट में उपयोग होने वाले लाइट फिक्स्चर की पांच वर्ष की वारंटी देना अनिवार्य होगा। खराबी आने पर संबंधित फर्म को तत्काल बदलने या मरम्मत कराने की जिम्मेदारी निभानी होगी।

दो बार निरस्त होने के बाद तीसरी बार जारी हुई निविदा, बढ़ाई गई प्रतिस्पर्धा
संबंधित कार्य के लिए प्रतिस्पर्धात्मक दरें नहीं मिलने के कारण दो बार निविदा प्रक्रिया निरस्त होने के बाद विभाग ने तीसरी बार टेंडर जारी किया है। इस बार अधिक से अधिक प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निविदा की कुछ नियम एवं शर्तों में संशोधन किया गया है। विभाग ने इच्छुक निविदादाताओं से संशोधित निविदा प्रपत्र का अध्ययन करने तथा नई शर्तों के अनुरूप ही अपने आवेदन और दस्तावेज अपलोड करने की अपील की है।

काशी नगरी के उज्ज्वल विकास की खींची गई रूपरेखा 

  • काशी के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आधुनिक फसाड लाइटिंग
  • मंदिरों और घाटों की रात्रिकालीन सुंदरता में होगा बड़ा इजाफा
  • पर्यटकों को मिलेगा आकर्षक नाइट व्यू, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा
  • ऊर्जा दक्ष एवं आधुनिक प्रकाश व्यवस्था से विरासत स्थलों की पहचान होगी मजबूत
  • तीन वर्ष तक रखरखाव और पांच वर्ष की वारंटी से गुणवत्ता सुनिश्चित होगी
  • परियोजना पूरी होने के बाद काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक छवि को नई चमक मिलेगी

मुख्य तथ्य एक नजर में 

  • परियोजना लागत : 16.93 करोड़ रुपये
  • धरोहर राशि : 33.86 लाख रुपये
  • कार्य अवधि : 12 माह
  • ई-निविदा डाउनलोड: 27 जुलाई 2026 से
  • तकनीकी बोली: सात अगस्त 2026

नगर के प्रमुख 20 स्थलों पर फसाड लाइटिंग का कार्य किया जाएगा। सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है। निविदा दोबारा बुलाई गई है। इसे अगले महीने खोली जाएगी। इसके बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

-

- धीरेंद्र प्रताप, अधिशासी अभियंता, विद्युत वृत्त, उप्र शहरी आवास एवं विकास परिषद, लखनऊ।