वाराणसी विकास प्राधिकरण की झोली में आए 500 करोड़ रुपये, 200 करोड़ शहर के विकास पर होंगे खर्च
वाराणसी विकास प्राधिकरण ने नवंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच 500 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड आय अर्जित की है, ...और पढ़ें

वाराणसी विकास प्राधिकरण ने रचा इतिहास, 500 करोड़ की रिकॉर्ड आय से बदलेगी शहर की सूरत।
HighLights
प्राधिकरण ने नवंबर 2025-सितंबर 2026 में 500 करोड़ की रिकॉर्ड आय अर्जित की।
आय का 200 करोड़ रुपये शहर के मूलभूत विकास पर खर्च होगा।
39 होटल, 22 आवासीय योजनाएं और नई टाउनशिप को मंजूरी मिली।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण ने नवंबर-2025 से सितंबर-2026 के बीच 500 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है। यह आंकड़ा प्राधिकरण के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक आय बताया जा रहा है। इससे पहले पूरे वर्ष में औसतन करीब 120 करोड़ रुपये की आय होती थी। 11 माह में ही यह राशि चार गुना से अधिक पहुंच गई।
आय बढ़ने में भवनों के नक्शे स्वीकृत करने और पुराने भवनों को शुल्क लेकर नियमित करने से मिली राशि की बड़ी भूमिका रही। मिले 200 करोड़ रुपये शहर के सड़क, जल निकासी समेत मूलभूत सुविधाओं में खर्च होंगे। विकास प्राधिकरण का क्षेत्र करीब 1000 वर्ग किलोमीटर में फैला है। इसमें वाराणसी, चंदौली और मीरजापुर के 800 से अधिक गांव शामिल हैं।
इन 11 महीनों में 1952 भवनों के नक्शे स्वीकृत किए गए। इनमें 879 नए भवनों के नक्शे और 1073 पुराने भवनों को नियमित करने के मामले शामिल हैं। भवनों के नक्शे स्वीकृत होने में 250 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। लंबे समय से खाली पड़ी या कब्जे वाली जमीन के निस्तारण से भी प्राधिकरण की आय बढ़ी है।
39 होटल योजनाओं से बढ़ेंगे 1900 कमरे
वाराणसी में पर्यटन और कारोबार बढ़ने के साथ होटल निर्माण की गतिविधियां भी तेज हुई हैं। इस अवधि में 39 होटल योजनाओं को मंजूरी मिली है। इनमें पुराने होटलों के विस्तार की योजनाएं भी शामिल हैं। इनसे करीब 1900 नए कमरे बढ़ेंगे। इनमें हालीडे इन, ताज गेटवे, पुलमैन, आइटीसी वेलकम, नोवोटेल, जिंजर, सेंटरम होटल, होटल मोमेंटस, सरोवर पोर्टिको और लेमन ट्री जैसे प्रमुख होटल समूहों की योजनाएं शामिल हैं।
22 आवासीय योजनाओं में बनेंगे 2283 घर
शहर में बढ़ती आवासीय जरूरत को देखते हुए 22 सामूहिक आवास योजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। इनमें शालीमार स्काईलाइन, वाटिका डेवलपर्स, एनआइपी हाउसिंग, देवभूमि इन्फ्रा, रुद्रा समूह, फ्लोरिट कंस्ट्रक्शन, जीडीएसी बिल्डकॉन, त्रिदेव पैराडाइज, स्वास्तिक समूह और गणपति समूह की योजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं में कुल 2283 आवासीय इकाइयां बनाई जाएंगी। इसके अलावा 93 भू-विन्यास योजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।

350 एकड़ जमीन पर बसाई जाएगी नई टाउनशिप
विकास प्राधिकरण ने अब तक करीब 350 एकड़ जमीन खरीदी है। इसकी कीमत लगभग 1200 करोड़ रुपये बताई गई है। इस जमीन पर नई टाउनशिप बसाने की योजना है। यहां केवल मकान ही नहीं होंगे, बल्कि बाजार, विद्यालय, अस्पताल और मनोरंजन की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे शहर के बेतरतीब विस्तार के बजाय नए क्षेत्रों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने का विकल्प मिलेगा। विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि प्राधिकरण को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं पर अधिक खर्च किया जाएगा। बिना नक्शे बने भवनों के मालिकों से उन्हें नियमित कराने की अपील की।
