विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डीडीयू अस्पताल वाराणसी में एक्स-रे फिल्म न मिलने से मरीज परेशान, मोबाइल से फोटो दिखाने में आ रही दिक्कत

By Sonu SinghEdited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 29 Sep 2026 05:38 PM (IST)

वाराणसी के डीडीयू अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे के बाद फिल्म न मिलने पर मरीजों ने हंगामा किया। मरीजों को मोबाइल ...और पढ़ें

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि शासन के निर्देश पर फिल्म का प्रयोग कम किया जा रहा है।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि शासन के निर्देश पर फिल्म का प्रयोग कम किया जा रहा है।

HighLights

  1. मरीजों को डिजिटल एक्स-रे के बाद फिल्म नहीं मिल रही है।

  2. मोबाइल से एक्स-रे फोटो दिखाने में मरीजों को हो रही परेशानी।

  3. अस्पताल में मरीजों और कर्मचारियों के बीच विवाद बढ़ रहा है।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे के बाद मरीजों को एक्स-रे फिल्म न दिए जाने पर मंगलवार को कुछ मरीजों ने आपत्ति जताते हुए हंगामा किया।

मरीजों का कहना था कि सभी के पास अच्छे एंड्रॉयड मोबाइल फोन नहीं हैं। ऐसे में मोबाइल से एक्स-रे की फोटो खींचकर चिकित्सक को दिखाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है।

मरीजों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से डिजिटल एक्स-रे कराने के बाद उन्हें फिल्म नहीं दी जा रही है। कर्मचारियों की ओर से कंप्यूटर में दिख रही तस्वीर को मोबाइल फोन में खींचकर चिकित्सक को दिखाने के लिए कहा जाता है।

मरीजों का कहना था कि कई लोगों के पास साधारण कीपैड मोबाइल हैं। वहीं, जिनके पास कैमरा वाला फोन है, उसकी तस्वीर में पर्याप्त स्पष्टता नहीं आ पाती। इससे चिकित्सक को एक्स-रे देखने और रिपोर्ट के आधार पर उपचार करने में परेशानी होती है।

मरीजों का कहना था कि अस्पताल में आने वाले कई बुजुर्ग और ग्रामीण मरीज भी मोबाइल तकनीक का इस्तेमाल नहीं कर पाते। ऐसे में उन्हें एक्स-रे फिल्म उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि वह संबंधित चिकित्सक को आसानी से दिखा सकें। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन का कहना है कि शासन की ओर से एक्स-रे फिल्म का प्रयोग कम करने के निर्देश दिए गए हैं।

डिजिटल एक्स-रे के बाद मरीजों को मोबाइल में तस्वीर लेने की सुविधा दी जा रही है। हालांकि, फिल्म न मिलने को लेकर आए दिन मरीजों और डिजिटल एक्स-रे केंद्र के कर्मचारियों के बीच कहासुनी की स्थिति बन रही है। कर्मचारियों का कहना है कि विरोध और विवाद के कारण उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।