विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन के ल‍िए वाराणसी कांग्रेस ने कसी कमर, महानगर अध्यक्ष के साथ कार्यकर्ता करेंगे कूच

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 27 Oct 2026 05:22 PM (IST)

वाराणसी कांग्रेस ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली 'वोट चोर, गद्दी छोड़' महारैली की तैयारियों ...और पढ़ें

दिल्ली महारैली के लिए वाराणसी कांग्रेस की तैयारी तेज कार्यकर्ता करेंगे कूच।

दिल्ली महारैली के लिए वाराणसी कांग्रेस की तैयारी तेज कार्यकर्ता करेंगे कूच।

HighLights

  1. दिल्ली की 'वोट चोर, गद्दी छोड़' महारैली की तैयारी।

  2. वाराणसी कांग्रेस ने अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

  3. रघु शर्मा ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर बात की।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली को सफल बनाने के लिए मंगलवार को मैदागिन स्थित महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय में तैयारी बैठक हुई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व सांसद और पूर्व मंत्री रघु शर्मा बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अध्यक्षता महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की।

बैठक में रैली की तैयारियों, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और वाराणसी से अधिक से अधिक कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। महानगर अध्यक्ष चौबे ने अंगवस्त्र भेंट कर रघु शर्मा का स्वागत किया। बैठक में महानगर और वार्ड स्तर के पदाधिकारी, वार्ड प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के प्रमुख, पार्षद, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कांग्रेसजन तथा AICC और PCC के सदस्य शामिल हुए।

रघु शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार सबसे महत्वपूर्ण अधिकारों में से एक है। चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता, मतदाता सूची की शुद्धता और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के जरिए इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठा रही है।

शर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली महारैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटें और अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और चुनावी पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। संगठन की मजबूती और आपसी समन्वय से जनहित के सवालों को व्यापक स्तर पर उठाया जा सकता है।

राघवेंद्र चौबे ने कहा कि महानगर कांग्रेस कमेटी रैली की तैयारियों को गंभीरता से आगे बढ़ा रही है। वार्डों, मंडलों और संगठन की अन्य इकाइयों के साथ समन्वय कर कांग्रेसजनों की भागीदारी तय की जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि वाराणसी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देंगे।

बैठक में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और रैली का व्यापक प्रचार करने पर भी जोर दिया गया। उपस्थित कांग्रेसजनों ने एकजुट होकर महारैली को सफल बनाने और दिल्ली में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

बैठक में पीसीसी पर्यवेक्षक भगवती चौधरी, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ नेता अनिल श्रीवास्तव, नेता पार्षद दल गुलशन अंसारी, सतीश राय, डा. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, रमजान अली, अरुण सोनी, मयंक चौबे, संतोष चौरसिया, अनुराधा यादव, पूनम विश्वकर्मा, मेहदी हसन कंब्बन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।