Varanasi City Weather Update : धूल भरी तेज हवाओं का शुरू हुआ दौर, दोपहर में गर्म हवाएं काबिज
सुबह ठंड का मामूली असर हो रहा है दिन चढ़ने पर सात बजे के बाद आसमान में सूरज की रोशनी का असर होते ही वातावरण में गर्म हवाओं का जोर शुरू हो जा रहा है जो दिन चढ़ने पर और भी तेज अंधड़ में बदल जा रहा है।
वाराणसी, जेएनएन। अप्रैल माह की शुरुआत के साथ ही दिन में तेज हवा और अंधड़ का दौर शुरू हो चुका है। सुबह ठंड का मामूली असर हो रहा है, दिन चढ़ने पर सात बजे के बाद आसमान में सूरज की रोशनी का असर होते ही वातावरण में गर्म हवाओं का जोर शुरू हो जा रहा है जो दिन चढ़ने पर और भी तेज अंधड़ में बदल जा रहा है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि अब मौसम का रुख गर्म होने की ओर है। तेज हवाओं से धरती की ऊपरी नम सतह सूख रही है और जल्द ही वह धूप से आंच में तब्दील हो जाएगी।
शुक्रवार की सुबह आसमान साफ रहा ठंडी हवाओं का जोर भी बना रहा, सुबह सात बजे के बाद धूप खिलते ही आसमान से सूरज ने आंखें तरेरना शुरू किया तो दोपहर होने से पहले ही सूरज की आंच में धरती तपने लगी। आसमान साफ होने की वजह से वातावरण में भी ठंड का असर सुबह ही रहा, इसके बाद शुष्क हवाएं भी काबिज हुईं जो दोपहर तक अंधड़ में तब्दील होकर लोगों को गर्मी में सुकून भी देंगी। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि आने वाले दो माह तक अंधड़ का दौर बना रहेगा और गर्म हवाएं वातावरण में काबिज रहेंगी।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा, न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एएक डिग्री कम रहा। आर्द्रता अधिकतम 28 फीसद और न्यूनतम 15 फीसद दर्ज किया गया। वातावरण में नमी का स्तर पूरी तरह से नदारद होने से बादलों की सक्रियता अगले चौबीस घंटों तक नहीं होना है। गर्म पछुआ हवाओं का जोर बना रहने से वातावरण में ठंड का असर कम हो चला है, जबकि बादलों की सक्रियता का दौर अगले दो दिन बाद बनने की उम्मीद है। हालांकि, बादलों का यह दौर सामान्य रहेगा। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख और शुष्क हो जाएगा।