Varanasi City Weather Update : वाराणसी में रजाई छोड़ कंबल तक लाया पारा, पंखे की हवा ने पकड़ी गति
वाराणसी का मौसम अब बदलाव की ओर होने के साथ ही वातावरण गर्मी की ओर हो चुका है। हालांकि गुलाबी ठंड ने राहत दे रखी है नहीं तो धूप पसीना-पसीना करने की तैयारी में बैठी है। हवाओं का जोर तो है लेकिन शुष्क हवाएं पतझड़ का संकेत लेकर आई हैं।
वाराणसी, जेएनएन। शहर का मौसम अब बदलाव की ओर होने के साथ ही वातावरण गर्मी की ओर हो चुका है। हालांकि, गुलाबी ठंड ने राहत दे रखी है नहीं तो धूप पसीना - पसीना करने की तैयारी में बैठी है। हवाओं का जोर तो है लेकिन शुष्क हवाएं पतझड़ का संकेत लेकर आई हैं। मौसमी बदलाव के बीच वातावरण में गर्म हवाएं दोपहर तक काबिज होने लगी हैं। हालांकि, जल्द ही शुष्क हवाएं शांत हो जा रही हैं। पखवारे भर में यही हवाएं वातावरण में गर्म अहसास भी कराने लगेंगी। इस लिहाज से यह पूरा पखवारा बदलाव का साक्षी बनने जा रहा है। इसके बाद मार्च का पहला पखवारा बीतने के साथ ही ठंड का असर पूरी तरह से पूर्वांचल से विदा ले लेगा।
रविवार की सुबह आसमान साफ रहा और दिन चढ़ने पर वातावरण से ठंड का असर गायब हो गया। ठंड का असर सिर्फ सुबह और शाम को ही हो रहा है। रातों की सर्दी भी अब लापता होने की ओर है। ऐसे में गुलाबी ठंड का असर लोगों को मौसम से राहत दे रहा है। सुबह धूप खिली तो लोगों के शरीर से गर्म कपड़े भी उतर गए। धूप के तेवर में आते ही ठंडक लापता हो गई और दिन चढ़ने पर धूप सेंकने वाले लोग भी अब धूप से कन्नी काटने लगे हैं। वहीं घरों में पंखों ने गति पकड़ना शुरू कर दिया है। जबकि रात में रजाई ने भी अब विदायी लेना शुरू कर दिया है। घरों में अब कंबल का ही सहारा पंखे की हवा में बचा है, जल्द ही चादर का दौर भी अगले पखवारे से आ जाएगा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा, न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 75 और न्यूनतम 51 फीसद दर्ज की गई। जबकि सप्ताह के अंत में मौसम विभाग ने बादलों की सक्रियता का अंदेशा जाहिर किया है। वहीं पूर्वांचल के आसमान में फिलहाल बादलों की सक्रियता शून्य है। सामान्य से अधिक हो चला तापमान मौसमी बदलाव की ओर इशारा कर रहा है।