बलिया में बोले प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव - 'किसानों के साथ अन्याय है कृषि विरोधी कानून'
किसान विरोधी कानून जो केंद्र सरकार ने बनाए हैं वह किसानों के साथ अन्याय है। हमारी पार्टी उसका विरोध करती है और तब तक करती रहेगी जब तक सरकार इस कानून को वापस नहीं ले लेती। यह बात प्रसपा (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को कही।
बलिया, जेएनएन। किसान विरोधी कानून जो केंद्र सरकार ने बनाए हैं वह किसानों के साथ अन्याय है। हमारी पार्टी उसका विरोध करती है और तब तक करती रहेगी जब तक सरकार इस कानून को वापस नहीं ले लेती। यह बात प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को कही।
सहतवार नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय बद्रीनाथ सिंह की 19 वी पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि वर्ष 2022 में हमारी सरकार बनने पर प्रत्येक परिवार के एक महिला तथा एक पुरुष को सरकारी नौकरी दी जाएगी। अन्य बेरोजगारों को रोजगार का अवसर प्रदान किया जाएगा। गरीब किसान भाइयों के लिए मुफ्त पानी और बिजली की व्यवस्था की जाएगी। प्रसपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारी पार्टी किसी भी पार्टी में विलय नही करेगी, भले ही कोई अन्य पार्टी हमारे पार्टी मे आकर विलय कर सकती है। समारोह में मुख्य अतिथि को नगर अध्यक्ष सरिता सिंह तथा उनके पति प्रसपा के प्रदेश सचिव नीरज सिंह गुड्डू ने 51 किलो फूल की माला,चांदी का मुकुट,चांदी की कृष्ण- राधा की प्रतिमा व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। समारोह में दीपक सिंह, बहादुर सिंह, पीएन तिवारी,कमल रजा,दीपक मिश्र आदि वक्ताओं ने स्व बद्रीनाथ सिंह के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला । इस दौरान गायिका निशा उपाध्याय, प्रियंका सिंह तथा गायक संगम राजा ने अपने अपने भोजपुरी गीतों से समा बांधा।
इस मौके पर नंदजी प्रधान, सुनील सिंह उर्फ बब्लू, टुनटुन मिश्र, पवन कुमार गुप्ता, पंकज सिंह उर्फ राजू अध्यक्ष प्रतिनिधि, सहित नीरज सिंह यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता व बद्री सिंह सेवा संस्थान के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए क्षेत्रधिकारी बांसडीह दीप चंद्र चौरसिया,सहतवार थानाध्यक्ष मंटू राम सहित कई थानों की पुलिस सक्रिय रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता महंत श्रीराजेश्वर दास तथा संचालन राजेश्वर ङ्क्षसह ने किया। आभार प्रकाश नीरज सिंह गुड्डू ने किया। कार्यक्रम के बाद शिवपाल ने चैनराम बाबा के समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका। स्व. बद्री नाथ सिह की पुण्यतिथि पर बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के 3500 जरुरतमंद में कम्बल वितरण किया गया।