विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी एयरपोर्ट का विंटर शेड्यूल जारी, इंडिगो एयरलाइंस की बागडोगरा और गुवाहाटी के बीच सीधी उड़ानें, स्पाइसजेट की होगी वापसी

By Naushad KhanEdited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 27 Sep 2026 05:49 PM (IST)

वाराणसी एयरपोर्ट के विंटर शेड्यूल में कई नई उड़ानें शुरू होंगी, जिसमें इंडिगो एयरलाइंस बागडोगरा और गुवाहाटी के लिए सीधी ...और पढ़ें

वाराणसी एयरपोर्ट पर विंटर शेड्यूल में नई उड़ानें, इंडिगो और स्पाइसजेट की वापसी।

वाराणसी एयरपोर्ट पर विंटर शेड्यूल में नई उड़ानें, इंडिगो और स्पाइसजेट की वापसी।

HighLights

  1. इंडिगो बागडोगरा, गुवाहाटी के लिए सीधी उड़ानें शुरू करेगा।

  2. स्पाइसजेट अहमदाबाद, पुणे, मुंबई, दिल्ली उड़ानें फिर से शुरू करेगा।

  3. वाराणसी एयरपोर्ट का नया टर्मिनल भवन जल्द ही संचालन में आएगा।

जागरण संवाददाता (बाबतपुर) वाराणसी। आगामी विंटर शेड्यूल और त्योहारी सीजन को देखते हुए वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कई नई उड़ानें शुरू की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत लगभग 16 वर्ष बाद पूर्वोत्तर के बागडोगरा के लिए सीधी उड़ान शुरू होगी ।इंडिगो एयरलाइंस इस रूट पर सीधी उड़ान शुरू करने की तैयारी कर रही है।

हालांकि अभी शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। इसके अलावा गुवाहाटी के लिए भी सीधी उड़ान शुरू हो सकती है। इंडिगो के बाद अन्य एयरलाइंस और स्पाइसजेट की वापसी को शामिल किया गया है। विंटर शेड्यूल में यात्रियों की सुविधा और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए इंडिगो एयरलाइंस और अन्य प्रमुख कंपनियों द्वारा विशेष पहल की जा रही है।  इंडिगो एयरलाइंस द्वारा नार्थ ईस्ट (पूर्वोत्तर) के लिए कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए बागडोगरा और गुवाहाटी के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू की जाएगी।

खजुराहो के लिए सेवा: पर्यटन और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए इंडिगो खजुराहो के लिए भी सीधी उड़ान सेवा शुरू करेगी।इसके साथ ही एयर इंडिया भी खजुराहो के लिए सीधी उड़ान शुरू करेगी ।एयर इंडिया ने विमान का शेड्यूल जारी कर दिया है और टिकट की बुकिंग भी शुरू हो गई है ।इसके अलावा एयर इंडिया दिल्ली के लिए एक और फ्लाइट शुरू करेगी ।

अकासा एयर त्योहारी सीजन के मद्देनजर मुंबई और बेंगलुरु के बीच अपनी उड़ानों की संख्या बढ़ाएगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस भी आने वाले दिनों में कई नए शहरों के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करने की पूरी तैयारी में है।

स्पाइसजेट की वापसी और रोजगार संकट पर राहत
ग्रीष्मकालीन (समर) शेड्यूल में स्पाइसजेट एयरलाइंस द्वारा वाराणसी से अपनी सभी उड़ानें बंद कर दिए जाने के कारण लगभग एक सौ से अधिक कर्मचारियों के समक्ष रोजगार का बड़ा संकट खड़ा हो गया था। लेकिन अब राहत भरी खबर यह है कि स्पाइसजेट ने विंटर शेड्यूल में फिर से अपनी उड़ानें शुरू करने की तैयारी कर ली है।

स्पाइसजेट के स्थानीय प्रबंधक राजेश सिंह ने जानकारी दी है कि वाराणसी एयरपोर्ट से जो उड़ानें बंद हो गई थीं, वे विंटर सीजन में फिर से शुरू होने की पूरी उम्मीद हैं। हालांकि अभी उनके पास आधिकारिक शेड्यूल नहीं आया है, फिर भी चार से पाँच प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें दोबारा शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। जिसमें अहमदाबाद, पुणे, मुंबई और दिल्ली प्रमुख हैं ।

एयरपोर्ट प्रशासन की तैयारियां और नया टर्मिनल
हवाई अड्डे के निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि विंटर सीजन के दौरान वाराणसी एयरपोर्ट से विमानों की संख्या में इजाफा होगा। इसके साथ ही यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए नवनिर्मित टर्मिनल बिल्डिंग से भी विमानों का संचालन शुरू किया जाएगा। सरकार के दिशा-निर्देश मिलने के बाद से एयरपोर्ट प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां तेज कर दी हैं।