वाराणसी एयर शो: राजघाट पुल पर 6 घंटे तक नो-एंट्री, आज से तीन दिनों के लिए स्पेशल ट्रैफिक प्लान लागू
काशी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर-शो और प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को एयर शो आयोजित।
HighLights
राजघाट पुल पर सुबह 9 से 3 बजे तक आवाजाही बंद।
एयर-शो और पीएम आगमन के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान।
कई मार्गों पर रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर-शो और प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने एडवाइजरी जारी की है। तीन दिनों तक शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा।
इसके तहत कई मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा तो कई मार्गों पर रूट डायवर्जन रहेगा। वहीं, राजघाट पुल पर सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक वाहनों के साथ ही पैदल आवाजाही पर रोक रहेगी।
एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि सभी मालवाहक, रोडवेज, प्राइवेट बसें और टेंपो ट्रैवलर का संचालन रिंग रोड और एनएच-19 से होगा। बस से आने वाले यात्री आटो, ई-रिक्शा और सिटी बस से अपने गंतव्य तक जाएंगे। मीरजापुर से बड़े वाहन औराई-भदोही होकर जाएंगे।
वहीं ब्लॉक ए (शहर क्षेत्र) के मच्छोदरी, टाउनहाल, क्वींस कालेज, बीएचयू कैंपस, काशी विद्यापीठ, गोदौलिया मल्टीलेवल, सनातन धर्म इंटर कॉलेज सहित 30 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी।
इसके अलावा ब्लाक बी (वरुणा जोन) में कैंट प्लेटफार्म नौ रेलवे की पार्किंग, कैंटोनमेंट, यूपी कालेज, पहड़िया मंडी, आशापुर सहित 21 स्थान होंगे। ब्लॉक सी (रामनगर) में पीएसी ग्राउंड, रामबाग, दुर्गा मंदिर मैदान, पंचवटी, लंका मैदान में पार्किंग की व्यवस्था होगा।
-1792382536243.webp)
कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय
एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। इसका नंबर 7839856994 है। इसके अलावा किसी भी सहायता के लिए हेल्प लाइन नंबर 7317202020 सक्रिय रहेगा।
गंगा पर बने पुलों पर ये रहेगी व्यवस्था
राजघाट पुल पर सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक वाहन और पैदल आवाजाही दोनों प्रतिबंधित।
सामने घाट पुल पर दोपहिया और पैदल आवागमन हो सकेगा। चार पहियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
रिंग रोड और विश्वसुंदरी पुल पर सभी वाहनों का आवागमन हो सकेगा।
ये इलाके रहेंगे ग्रीन कॉरिडोर
- नमो घाट-गोलगड्डा-चौकाघाट-लहुराबीर-कबीरचौरा अस्पताल
- चौकाघाट-पुलिस लाइन चौराहा-दीनदयाल अस्पताल और ईएसआइसी अस्पताल-महावीर चौराहा-इनफिनिटी अस्पताल
- चौकाघाट- कैंट ओवरब्रिज-लहरतारा-भिखारीपुर- नरिया- मालवीय चौराहा-बीएचयू
यह भी पढ़ें- वाराणसी एयर शो: प्रयागराज से नियंत्रित होगी वायुसेना की हवाई शक्ति, 100 विमान दिखाएंगे पराक्रम
