वाराणसी के एयर शो में उमड़ेगा लाखों का हुजूम, सड़कों पर प्रशासन की होगी अग्निपरीक्षा
वाराणसी में गंगा एयर शो के दौरान लाखों की भीड़ उमड़ने की संभावना है, जिससे यातायात व्यवस्था पुलिस के लिए ...और पढ़ें

गंगा एयर शो वाराणसी: लाखों की भीड़ के लिए पुलिस का यातायात प्रबंधन प्लान।
HighLights
गंगा एयर शो में लाखों की भीड़ के लिए यातायात चुनौती।
पुलिस आयुक्त, एडीसीपी ट्रैफिक ने पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया।
वीआईपी और आपात सेवाओं के लिए अलग मार्ग व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। गंगा में होने वाले एयर शो में सेना के विमानों का करतब देखने के लिए उमड़ने वाली भीड़ के बीच जमीन पर यातायात व्यवस्था पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी। वीआइपी, पर्यटकों और स्थानीय दर्शकों के वाहनों का दबाव संभालने के लिए पुलिस ने अभी से ट्रैफिक प्लान की कवायद तेज कर दी है।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र ने बनारस से सटे चंदौली जिले के आसपास के इलाकों का निरीक्षण कर संभावित दबाव वाले मार्गों और पार्किंग स्थलों को देखने के साथ स्थान चिह्नित कर रहे हैं।
एयर शो के दिन सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि दर्शकों के वाहन कहां रोके जाएंगे और वहां से उन्हें कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचाया जाएगा। पुलिस ऐसे स्थानों की तलाश कर रही है जहां बड़ी संख्या में वाहन खड़े कराए जा सकें और मुख्य मार्ग पर जाम का दबाव न बढ़े। इसके साथ ही पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के लिए अलग व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सड़कों, संपर्क मार्गों, चौराहों और संभावित डायवर्जन प्वाइंट की स्थिति देखी गई। अधिकारियों का जोर इस बात पर है कि कार्यक्रम स्थल की ओर वाहनों का दबाव एक साथ न पहुंचे। जरूरत के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर वाहनों को रोककर चरणबद्ध तरीके से आगे भेजने की व्यवस्था बनाई जा सकती है।
वीआइपी मूवमेंट के लिए अलग गलियारा
वीआइपी के आने-जाने के दौरान सामान्य यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए अलग रूट और पार्किंग व्यवस्था पर मंथन चल रहा है।वीआइपी काफिले के गुजरने के दौरान आम वाहनों को कहां रोका जाएगा, यह भी ट्रैफिक प्लान का अहम हिस्सा होगा।
भीड़ बढ़ने की स्थिति में एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपात सेवाओं के वाहनों की आवाजाही सबसे अहम होगी। इसलिए संभावित डायवर्जन के बीच आपात मार्ग को निर्बाध रखने की चुनौती भी पुलिस के सामने होगी। वहीं, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र का दावा है कि आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के साथ उनके वाहनों को पार्किंग स्थल में पार्क कराए जाएंगे।
शो खत्म होने के बाद असली परीक्षा
एयर शो समाप्त होने के बाद एक साथ बड़ी संख्या में वाहनों के निकलने से जाम की स्थिति बन सकती है। पुलिस निकासी के लिए अलग-अलग मार्गों का इस्तेमाल कराने और भीड़ को चरणबद्ध तरीके से निकालने की रणनीति पर काम कर रही है। फिर भी सवाल बना है कि भीड़ को नियंत्रित करते हुए कैसे बाहर निकालेंगे।
