सोशल मीडिया को कांग्रेस ने बनाया हथियार, प्रियंका का पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश Varanasi news
कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश भेजा है। उन्होंने सभी को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने के लिए कहा है।
वाराणसी, जेएनएन। कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश भेजा है। उन्होंने सभी को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने के लिए कहा है। जानकारी दी है कि आधुनिक भारत के युवाओं तक अपनी बात पहुंचाने का यह बड़ा आधार है। विपक्षियों के मंसूबों को पराजित करने का बड़ा हथियार होगा। लखनऊ में नौ अगस्त को हुई कार्यकर्ताओं की बैठक में प्रियंका ने सोशल मीडिया का महत्व बताते हुए पार्टी की सोशल साइटों से अवगत कराते हुए उसे कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचाने के लिए कहा।
निर्देशित किया कि आनलाइन पते पर अपने अकाउंट बनाने हैं। इन सभी अकाउंट को फॉलो करेंगे और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों को भी इन्हें फॉलो करने के लिए कहेंगे। इस पर प्रतियोगिता के अलावा कांग्रेस के अन्य कार्यक्रमों को भी अपलोड करेंगे। कार्यकर्ता नियमित तौर पर इन अकाउंट में आने वाली पोस्ट को शेयर करेंगे और उन्हें फैलाने का काम करेंगे। वेबसाइट पर राजीव गांधी से जुड़ा मैटेरियल रहेगा। इनको वॉट्स एप व फेसबुक पर शेयर करना होगा।
राजीव गांधी की जयंती पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए छात्रों से एक मिनट का वीडियो 'मेरा भी एक सपना है', के हैशटैग के साथ मांगे गए हैं। इसमें छात्र भारत से जुड़ा अपना सपना बताएंगे। छात्रों को इससे संबंधित जानकारी देंगे और वीडियो बनाकर पार्टी के पेज को टैग कर डालने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।प्रतियोगिता के दौरान तीन सबसे अच्छे वीडियो को पुरस्कार भी दिया जाएगा। प्रतियोगिता की और उसके पहले की सभी तैयारियों के प्रचार-प्रसार को भी आप सोशल मीडिया के जरिए प्रसारित करेंगे ताकि ये ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप