विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करणी सेना के जिलाध्यक्ष को हाउस अरेस्ट करने पर हंगामा, शास्त्री घाट जाने की जिद में धक्कामुक्की

By Sonu SinghEdited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 27 Sep 2026 06:58 PM (IST)

वाराणसी में यूजीसी के विरोध में चल रहे अनशन में शामिल होने से रोकने के लिए करणी सेना के जिलाध्यक्ष ...और पढ़ें

वाराणसी में करणी सेना जिलाध्यक्ष की हाउस अरेस्ट पर बवाल, यूजीसी विरोध प्रदर्शन में जाने को लेकर धक्का-मुक्की।

वाराणसी में करणी सेना जिलाध्यक्ष की हाउस अरेस्ट पर बवाल, यूजीसी विरोध प्रदर्शन में जाने को लेकर धक्का-मुक्की।

HighLights

  1. करणी सेना जिलाध्यक्ष आलोक सिंह को वाराणसी में हाउस अरेस्ट किया गया।

  2. यूजीसी विरोधी अनशन में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस कार्रवाई।

  3. कार्यकर्ताओं ने शास्त्री घाट जाने की कोशिश में पुलिस से धक्का-मुक्की की।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। यूजीसी के विरोध में शास्त्री घाट पर चल रहे अनशन के समर्थन में जाने से पहले रविवार दोपहर करणी सेना के जिलाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह को पार्वती नगर स्थित उनके आवास पर पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में करणी सेना के कार्यकर्ता उनके आवास पर पहुंचने लगे। स्थिति को देखते हुए वहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

करणी सेना के जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ता शास्त्री घाट जाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में कार्यकर्ता महावीर चौराहे की ओर बढ़े तो वहां नारेबाजी के बीच अफरातफरी की स्थिति बन गई और चारों तरफ जाम लग गया। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो धक्का-मुक्की भी हुई। कार्यकर्ता शास्त्री घाट जाने की जिद पर अड़े रहे और वहीं बैठ गए।

इधर, शास्त्री घाट पर भी भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने आलोक कुमार सिंह को समझाकर धरना न देने की अपील की। कैंट एसीपी प्रज्ञा पाठक के समझाने के बाद जिलाध्यक्ष ने शास्त्रीघाट न जाने पर सहमति जताई। हालांकि उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे लोगों को रात में उठाकर अस्पताल भेजना गलत है। तीन अलग-अलग लोगों को तीन अस्पतालों में भर्ती कराया जाना भी उचित नहीं है।

आलोक सिंह ने कहा कि यूजीसी के विरोध में करणी सेना भी है। और सरकार को यूजीसी वापस लेना चाहिए। उन्होंने इसे लेकर संगठन की ओर से बड़े आंदोलन की बात कही। बताया कि करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष जल्द वाराणसी में आंदोलन करेंगे। जिसकी तारीख बाद में घोषित की जाएगी।

इस दौरान अंबेडकर चौराहे के पास दूसरे संगठन के छह लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर वैन से वहां से रवाना कर दिया। पूरे घटनाक्रम के दौरान काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। मौके पर एलआईयू प्रभारी योगेंद्र सिंह, लालपुर इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह, कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।