वाराणसी की पहड़िया मंडी में एमएलसी चुनाव की मतगणना शुरू, स्नातक और शिक्षक सीट पर कांटे की टक्कर
वाराणसी की पहड़िया मंडी में एमएलसी चुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह से शुरू हो गई है। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन ...और पढ़ें

वाराणसी एमएलसी चुनाव मतगणना शुरू: स्नातक और शिक्षक सीटों पर कड़ा मुकाबला।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, वाराणसी। पहड़िया स्थित लाल बहादुर शास्त्री नवीन मंडी परिसर में मंगलवार सुबह आठ बजे से एमएलसी चुनाव की मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई। मतगणना स्थल पर पहले बैलेट पेपर को छांटकर उनके बंडल बनाए जा रहे हैं। इसके बाद जिलों के अनुसार मतपत्रों की गिनती की जाएगी। मतगणना को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
नोट : खबर समय-समय पर अपडेट हो रही है, थोड़े समय बाद ताजी सूचना के लिए पेज रिफ्रेश करते रहें।
गेट के बाहर से पत्रकारों को कवरेज की अनुमति दी गई है, जबकि काउंटिंग हाल में जाने की अनुमति नहीं है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि नियम नहीं है। इसकी वजह से भीतर की गतिविधियों की जानकारी सामने नहीं आ पा रही है। अलग से लगे आरओ टेबल पर डेटा इंट्री हो रही है। मतगणना के दौरान किसी मीडिया कर्मी को कक्ष तक जाने की छूट नहीं है। आयोग की ओर जारी इस आशय का आदेश भी अधिकारी दिखा रहे हैं।

मतगणना स्थल पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। परिसर के 200 मीटर के दायरे में अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर रोक है। मतगणना स्थल के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं है। विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और समर्थक 200 मीटर के दायरे के बाहर खड़े होकर मतगणना की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।


वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली और भदोही समेत संबंधित जिलों से आए मतपत्रों को बारी-बारी से खोलकर उनकी गिनती की जाएगी। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 24 प्रत्याशी और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। माना जा रहा है कि शाम तक मतगणना का रुझान स्पष्ट होने लगेगा।
कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना
खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 की मतगणना को लेकर पहड़िया मंडी स्थित मतगणना स्थल का पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन, ज्वलनशील पदार्थ, स्याही वाली पेन, नुकीला वस्तु, वाटर बाटल, लाइटर, पान मसाला आदि ले जाने पर प्रतिबंध किया गया है।
मतगणना स्थल से एक किलोमीटर की परिधि में आउटर कार्डन निर्धारित किया गया जिसके भीतर केवल वैध प्रवेश पासधारक अधिकृत व्यक्तियों को ही सघन चेकिंग एवं पास सत्यापन के उपरांत प्रवेश की अनुमति मिलेगी। मतगणना स्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी होगी। उन्होंने कंट्रोल रूम से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

यह है मतगणना की पूरी प्रकिया
शिक्षक और स्नातक चुनाव की मतगणना शुरू होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया आम चुनाव से अलग ही है। सभी जिलों के मत पत्रों को सुबह से दोपहर तक पहले चरण में अलग किया जा रहा है। इन सभी को 50-50 के बंडल बनाकर मत पत्रों की गिनती दोपहर बाद ही शुरू हो सकेगी। माना जा रहा है कि यह कार्य दोपहर 12:00 से शुरू हो सकेगा। शिक्षक और स्नातक चुनाव में अलग अलग चक्र होंगे।

स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा और केदारनाथ सिंह में मुकाबला
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के आशुतोष सिन्हा और भाजपा के केदारनाथ सिंह के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। वहीं, खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के लाल बिहारी यादव और भाजपा के प्रमोद कुमार मिश्रा के बीच सीधी टक्कर होने की संभावना है।
दोनों सीटों के परिणाम पर राजनीतिक दलों और समर्थकों की नजरें टिकी हैं। मतगणना पूरी होने के बाद प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा। माना जा रहा है कि शाम से रात तक स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो जाएगी।
मतगणना की स्थिति
अधिकारियों के अनुसार शिक्षक एमएलसी का परिणाम देरशाम तक आने की उम्मीद जताई जा रही है। स्नातक का परिणाम बुधवार तक आएगा। हालांकि पांच घंटे बाद रुझान आने की उम्मीद जताई गई है।
वाराणसी खंड निर्वाचन क्षेत्र में शामिल वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली,भदोही समेत आठों जिलों की मतपेटियों को बारी- बारी से खोलकर वोटों की गिनती होनी है।
मतगणना लेकर मंडलायुक्त एस राजलिंगम व जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सुबह से ही मतगणना स्थल पर डटे हुए हैं। प्रत्येक टेबल पर मतगणना की सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है जबकि चुनाव प्रेक्षक भी मतगणना पर नजर रखे हुए हैं।
