UP Board Exam 2020 : गत वर्ष की तुलना में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में कम हो गई छात्रसंख्या
यूपी बोर्ड की 18 फरवरी से शुरू होने वाली हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में वाराणसी परिक्षेत्र में 1525370 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
वाराणसी, जेएनएन। यूपी बोर्ड की परीक्षा में अब छात्रों की संख्या में अमूमन वर्ष दर वर्ष कमी आ रही है। इसकी वजह दूसरे बोर्ड में मार्किंग सहित निजी दूसरे बोर्ड के स्कूलों की बेहतर सुविधा मानी जा रही है। यूपी बोर्ड की 18 फरवरी से शुरू होने वाली हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में वाराणसी परिक्षेत्र में 1525370 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इसी दौरान वर्ष 2019 में वाराणसी परिक्षेत्र के 15 जिलों में 1661158 परीक्षार्थी 10वीं व 12वीं की परीक्षा में शामिल हुए थे। इस प्रकार इस वर्ष वाराणसी परिक्षेत्र के 15 जिलों में 135788 तक परीक्षार्थी कम हुए हैं। इसमें हाईस्कूल में 50918 व इंटर में 82870 परीक्षार्थी शामिल हैं।
माफिया का भी असर कम
ऑनलाइन व्यवस्था होने से शिक्षा माफिया पर धीरे-धीरे नकेल कसता जा रहा है। शिक्षा माफिया पहले एक परीक्षार्थी से दो- दो विद्यालयों में परीक्षा फार्म भरवा देते थे। वहीं जिस केंद्रों से सांठ-गांठ होती थी वहीं पर परीक्षार्थियों को परीक्षा में बैठाते थे। परीक्षा फार्म ऑनलाइन होने से अब ऐसा संभव नहीं हो पा रहा है। साफ्टवेयर के मदद से बोर्ड ऐसे परीक्षार्थियों को आसानी से चिन्हित कर ले रहा है अौर दो आवेदन में कैंसिल होने के डर से छात्रों की संख्या भी कम हुई है। क्षेत्रीय कार्यालय बोर्ड के अपर सचिव सतीश सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे की निगरानी में होने के कारण भी नकल माफिया पर काफी हद तक अंकुश लगा है। वहीं इस बार परीक्षा की वेबकास्टिंग से परीक्षाओं में नकल की प्रवृत्ति पूरी तरह लगाम लग जानी तय है। बोर्ड द्वारा नकल माफियाओं पर कसता शिकंजा के चलते अब सूबे के बाहर से आकर यूपी में परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों की संख्या काफी कम हुई है। वहीं दूसरे बोर्ड के स्कूलों का प्रसार होने से भी यूपी बोर्ड के छात्रों की संख्या में फर्क पड़ा है।
जनपद | 10वीं | 12वीं |
सुल्तानपुर | 45081 | 35703 |
फैजाबाद | 45516 | 38188 |
बाराबंकी | 41510 | 31606 |
अंबेडकर नगर | 44691 | 34980 |
अमेठी | 27427 | 19920 |
आजमगढ़ | 106469 | 86722 |
मऊ | 50023 | 43147 |
बलिया | 81932 | 77371 |
जौनपुर | 98883 | 85045 |
गाजीपुर | 92140 | 84829 |
वाराणसी | 57684 | 51682 |
चंदौली | 38253 | 32244 |
भदोही | 30106 | 24372 |
मीरजापुर | 42452 | 31257 |
सोनभद्र | 28318 | 17819 |
योग | 830485 | 694885 |