सांप काटने के बाद झाड़ फूंक की अास में सगी बहनों ने गंवा दी अपनी जिंदगी
गाजीपुर के कासिमाबाद में ग्राम पंचायत मेख में शुक्रवार की देर रात सर्प दंश से दो सगी बहनों अनीता (12) व ममता (10) पुत्री मुन्ना डोम की झाड़ फूंक में मौत हो गई।
गाजीपुर । जिले के कासिमाबाद में स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मेख में शुक्रवार की रात सर्प दंश से दो सगी बहनों अनीता (12) व ममता (10) पुत्री मुन्ना डोम की मौत हो गई। सांप काटने की जानकारी होने पर परिजन पहले उन्हें अमवा सती धाम ले गए लेकिन तब तक दोनों बहनों की मौत हो चुकी थी। रोते बिलखते परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
झोपड़ में सांप ने डसा
दरअसल शुक्रवार की रात पूरे परिवार ने एक साथ खाना खाया उसके बाद अपनी झोपड़ी में सो गए। झोपड़ी में पाले गए मुर्गे भी थे जिसके चक्कर में विषैला सर्प झोपड़ी में घुस गया। सर्प ने मुर्गे को काटने के बाद अगल-बगल सो रहीं दोनों बहनों अनीता के पैर व ममता के नाक में डंस लिया। कुछ देर बाद जहर का असर होने पर दोनों बहनों की रात एक बजे के लगभग हालत खराब हो गई। उल्टी होने पर बगल में सोए पिता मुन्ना व मां लखपतिया को जानकारी हुई। वहीं बगल में मरा मुर्गा भी पड़ा था। विडंबना यह रही कि परिजन दोनों को डाक्टर के यहां न ले जाकर अमवा सिंह सती धाम ले गए, जहां पता चला कि उनकी मौत पहले ही हो चुकी है।
रो रो कर बुरा हाल
अनीता व ममता की मौत के बाद पिता मुन्ना मां लखपतिया व बहनें बिजली, रीना व भाई रूदल का रो-रो कर बुरा हाल है। पांच बहनों व एक भाई में अनीता दूसरे व ममता तीसरे नंबर पर थी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है वहीं सांप के डसने से लोग भयभीत भी हैं। वहीं प्रभारी उपजिलाधिकारी रमेश यादव ने बताया कि पीडि़त परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।