वाराणसी में स्वाइन फ्लू के दो नए मरीज मिले, संख्या 60 तक जा पहुंची
वाराणसी में स्वाइन फ्लू के दो नए मरीज मिलने से कुल संक्रमितों की संख्या 60 हो गई है। पूर्वांचल से ...और पढ़ें

वाराणसी में स्वाइन फ्लू का प्रकोप बढ़ा, 60 मरीज संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर।
HighLights
वाराणसी में स्वाइन फ्लू के कुल 60 मामले दर्ज।
BHU लैब में पूर्वांचल के 128 सैंपल पॉजिटिव पाए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ाई, बचाव के उपाय सुझाए।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। जिले में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। रविवार को दो नए मरीज पाजिटिव पाए गए। इनमें राजातालाब की 50 वर्षीय महिला और मीरजापुर के 80 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। इन दोनों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद जिले में स्वाइन फ्लू के कुल पाजिटिव मामलों की संख्या 60 पहुंच गई है।
एक अगस्त से पूरे पूर्वांचल से 444 सैंपल बीएचयू की माइक्रोबायोलाजी लैब में भेजे गए थे। इनमें से 128 सैंपल पाजिटिव आए। अकेले वाराणसी जिले के 60 मरीज स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए जा चुके हैं। अब तक 38 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करना पड़ा था। वर्तमान में चार मरीज अस्पताल में भर्ती होकर इलाज करा रहे हैं।
बाकी मरीज होम आइसोलेशन में हैं और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। मंडलीय चिकित्सालय कबीरचौरा में भी सतर्कता बढ़ाई गई है। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. बृजेश कुमार ने बताया कि अब तक यहां 51 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 21 पाजिटिव मिल चुके हैं। वर्तमान में दो मरीज आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं।
अस्पताल में आइसोलेशन बेड और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। सीएमओ डा. एनपी सिंह ने कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर जिले में अलर्ट जारी किया गया है। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में फीवर क्लिनिक व आइसोलेशन वार्ड तैयार रखे गए हैं।
लक्षण वाले मरीजों के सैंपल तुरंत लिए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि तेज बुखार, खांसी, गले में दर्द, सांस लेने में तकलीफ या शरीर में दर्द जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में जांच कराएं। मास्क लगाएं, भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचें और हाथों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
