विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी एयरपोर्ट पर पीएम मोदी के आगमन और एयर शो के चलते दो उड़ानें लखनऊ डायवर्ट, 448 यात्री प्रभावित

By Naushad KhanEdited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 25 Oct 2026 07:34 PM (IST)

वाराणसी एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी के आगमन और एयर शो के कारण सुरक्षा कारणों से दो इंडिगो उड़ानों को लखनऊ ...और पढ़ें

पीएम मोदी के वाराणसी दौरे और एयर शो से दो उड़ानें लखनऊ डायवर्ट, 448 यात्री प्रभावित।

पीएम मोदी के वाराणसी दौरे और एयर शो से दो उड़ानें लखनऊ डायवर्ट, 448 यात्री प्रभावित।

HighLights

  1. पीएम मोदी के आगमन से वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा कड़ी।

  2. दो इंडिगो उड़ानें लखनऊ डायवर्ट, 448 यात्री प्रभावित हुए।

  3. एयर शो और वीआईपी मूवमेंट के कारण हुआ डायवर्जन।

जागरण संवाददाता, (बाबतपुर) वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और एयर सुरक्षा के मद्देनजर कड़े प्रबंध रहे। इस दौरान आसमान में आयोजित एयर शो और प्रधानमंत्री के वायुसेना के विशेष विमान से सुबह 10:10 बजे होने वाले आगमन के चलते दिल्ली और हैदराबाद से आने वाली इंडिगो की दो उड़ानों को सुरक्षा कारणों से लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।

दो उड़ानों के अचानक डायवर्ट होने से इनमें सवार कुल 448 यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सामान्य दिनों में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक एयर शो के लिए उड़ानों का संचालन बंद रखा गया था।

हालांकि, रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के चलते सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सुबह 10:00 बजे के आसपास आने वाली उड़ानों की लैंडिंग पर भी रोक लगा दी गई, जिसके चलते निर्धारित समय पर विमानों को उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी।

इन उड़ानों पर पड़ा असर:
1. दिल्ली से वाराणसी (फ्लाइट 6E-5025): इस विमान का वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरने का निर्धारित समय सुबह 10:05 बजे था। विमान में 228 यात्री सवार थे, जिन्हें लैंडिंग की अनुमति न मिलने के कारण लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया।
2. हैदराबाद से वाराणसी (फ्लाइट 6E-915): इस उड़ान के वाराणसी पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:45 बजे था। इस विमान में 220 यात्री सवार थे, जिसे भी एयर शो और वीआईपी मूवमेंट के चलते लखनऊ भेजना पड़ा।

दोनों विमानों को अचानक वाराणसी के बजाय लखनऊ उतारे जाने के कारण कुल 448 यात्रियों की यात्रा योजना पूरी तरह से प्रभावित हो गई। गंतव्य पर समय से न पहुंच पाने और उड़ानों के डायवर्जन की सूचना मिलने के बाद यात्रियों को आगे की यात्रा और प्रबंधन को लेकर काफी इंतजार करना पड़ा।

दिल्ली की फ्लाइट लखनऊ से वापस लगभग पाँच घंटे की देरी से 3:30 बजे वाराणसी पहुंची तो वही हैदराबाद की फ्लाइट लगभग साढ़े पाँच घंटे देरी से लखनऊ से शाम चार बजे पहुंची। इसके अलावा अहमदाबाद और ,नवी मुंबई,कोलकाता और मुंबई से आने वाली उड़ाने भी दो से तीन घंटे तक विलंबित रहीं ।एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस द्वारा यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था मुहैया कराने के प्रयास किए गए।