विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में हाईवे के ओवरब्रिज पर पांच युवकों की जान लेने वाला ट्रक चालक गिरफ्तार

By SEdited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 21 Oct 2026 11:05 AM (IST)

वाराणसी के रूपापुर ओवरब्रिज पर पांच युवकों को कुचलने वाले ट्रक चालक जाबिद अहमद दार को पुलिस ने गिरफ्तार कर ...और पढ़ें

वाराणसी: NH 19 पर पांच युवकों की मौत का जिम्मेदार ट्रक चालक गिरफ्तार।

वाराणसी: NH 19 पर पांच युवकों की मौत का जिम्मेदार ट्रक चालक गिरफ्तार।

HighLights

  1. रूपापुर ओवरब्रिज पर पांच युवकों की दर्दनाक मौत।

  2. ट्रक चालक जाबिद अहमद दार को पुलिस ने पकड़ा।

  3. युवक स्कार्पियो के पास फोटो-वीडियो बना रहे थे।

जागरण संवाददाता, (मिर्जामुराद) वाराणसी। रूपापुर स्थित एनएच 19 हाईवे के ओवरब्रिज (अंडरपास) पर बीते सोमवार को प्रातः स्कार्पियो खड़ी कर फोटो व वीडियो बना रहे प्रदीप सिंह, विद्धवांशु यादव, आनंद यादव, आलोक मिश्रा व किशन यादव नामक पांच युवकों की जान लेने वाले ट्रक चालक जाबिद अहमद दार को पुलिस ने मंगलवार को अपरान्ह शिवरामपुर चट्टी के से गिरफ्तार कर लिया।

जम्मू-कश्मीर के कुपवारा जिले के हंदवारा थानांतर्गत वासकुरा निवासी चालक जाबिद व खलासी इम्तियाज को पुलिस ने राजातालाब में कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।ट्रक कश्मीर से सेब लादकर रांची (झारखंड) जा रहा था। चालक द्वारा जल्दबाजी कर तेज गति से वाहन चलाने के कारण हादसा हुआ।हादसे में साथ रहे तीन युवक घायल हुए हैं। घायलों का उपचार चल रहा हैं।

वाराणसी जिले के चोलापुर थानांतर्गत मुर्दहा गांव निवासी योगेंद्र सिंह के पुत्र प्रदीप सिंह, शिवपुर के वीडीए कालोनी निवासी स्व.नवलकिशोर यादव के पुत्र विद्ववांशु यादव, शिवपुर के ही चमांव निवासी वनवारी यादव के पुत्र आनंद यादव उर्फ शेरू, पिसौर (शिवपुर) निवासी अजय मिश्रा के पुत्र आलोक मिश्रा व शिवपुर के हटिया निवासी पारसनाथ यादव के पुत्र किशन यादव अपने तीन अन्य मित्रो संग स्कार्पियो में सवार होकर रविवार रात्रि एक बजे घर से निकलकर मीरजापुर स्थित मां विन्ध्वासिनी का दर्शन-पूजन करने गए थे।

मीरजापुर से दर्शन कर लौटते समय सोमवार प्रातः छह बजे रूपापुर स्थित ओवरब्रिज (अंडरपास) पर स्कार्पियो (यूपी.65.ईबी.2199) खड़ी कर लघुशंका करने के साथ ही सभी दोस्त उसके आगे बोनट के सामने फोटो व वीडियो बना सेल्फी ले रहे थे कि इसी बीच प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (जेके.09.ए.7761) के चालक ने पीछे से स्कार्पियो में जोरदार टक्कर मारने के साथ ही स्कार्पियो के पास खड़े युवको को कुचल दिया था।

हादसे में लोहता के भठ्ठी गांव निवासी राजकुमार यादव, शिवपुर के हटिया गांव निवासी निखिल उर्फ गोलू यादव समेत बिहार के मुंगेर निवासी सावन यादव घायल हो गए थे।घटना के बाद सेब लदे ट्रक का चालक वाहन छोड़कर भाग निकला था। मृतक विद्ववांशु के भाई सुधांशु कुमार यादव की तहरीर पर ट्रक व उसके चालक के खिलाफ खतरनाक व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने तथा जल्दबाजी के चलते व्यक्ति की मृत्यु होने का केस दर्ज किया गया था।