मोहर्रम के जुलूस में गिरा पेड़, दबने से किशोरी की मौत, बहन की हालत भी गंभीर
दोकटी थाना क्षेत्र के बेचन छपरा गांव से दफन के लिए जा रहे ताजिया के रास्ते में शीशम के पेड़ को काटते समय डाली भीड़ पर जा गिरी।
बलिया, जेएनएन। मोहर्रम को लेकर कई तरह के सावधानी बरतने के निर्देश के बाद भी हर साल इस दिवस को कहीं न कहीं असावधानी के चलते दुर्घटनाएं हो ही जाती है। दोकटी थाना क्षेत्र के बेचन छपरा गांव से दफन के लिए जा रहे ताजिया के रास्ते में शीशम के पेड़ को काटते समय डाली भीड़ पर जा गिरी। इसकी चपेट में आने से ताजिया के साथ चल रही आजाद मियां की पुत्री शबाना (16) व चांदनी (14) दब गईं। इसमें शबाना की मौके पर मौत हो गई। वहीं चांदनी की हालत गंभीर बनी हुई है। एसडीएम ने मौके पर पहुंच कर परिवार वालों को आर्थिक सहायता देने का आश्वान दिया।
मोहर्रम पर ताजिया लालगंज टेंपो स्टैंड पर मिलान कर दफन करने के लिए पारंपरिक रास्ते सावन छपरा गांव होते हुए सड़क मार्ग से लालगंज मुरारपुट्टी कर्बला में जाता है। वहां ताजियों के मिलान के साथ ही नव युवक अपनी कला कौशल का प्रदर्शन करते हैं। हर साल की यही परंपरा रही है। इस साल भी उसी पारंपरिक रास्ते से ताजिया जा रहा था। इसी बीच सावन छपरा गांव में एक शीशम का पेड़ की डाल रास्ता अवरूद्ध कर दिया। इस पर ताजियादारों ने उस डाली को काटना शुरू कर दिया। पेड़ की इस डाल को काटते ही वह भीड़ पर जाकर गिर गई। कुछ लोग इधर-उधर भाग कर अपनी जान बचाए। मोटी डाल के नीचे बहनें शबाना व चांदनी आ गईं। वहीं आधा दर्जन लोग भी चोटिल हो गए। दोनों बहनों के पेड़ की डाल के नीचे दबे होने पर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह से डाल को हटा कर दोनों का निकाला गया। इसमें शबाना की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल उसकी बहन को सोनबरसा अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद तत्काल एसडीएम दुष्यंत मौर्य व एसओ अखिलेश मौर्य, चांददियर चौकी इंचार्ज विवेक पांडेय दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। मुतिका के शव का पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया गया। एसडीएम ने पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि पेड़ की डाल के नीचे आने से किशोरी की मौत हुई है। उसकी बहन का इलाज अस्पताल में चल रहा है। शासन की तरफ से मिलने वाली आर्थिक सुविधाएं मृतक के परिजनों को प्रदान की जाएगी।